Bokaro Crime News: मां की निर्मम हत्या, बेटा गिरफ्तार , पूरी रात सीढ़ी पर तड़पती रही उर्मिला , पड़ोसियों की अनदेखी भी आई सामने
Bokaro Crime Newsबोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 ई के आवास संख्या 2204 में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार ने रविवार सुबह 65 वर्षीय मां उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 ई के आवास संख्या 2204 में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार ने रविवार सुबह 65 वर्षीय मां उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल खून से सना डंडा भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, बीएसएल से रिटायर्ड स्व. तनिक मांझी की पत्नी उर्मिला देवी दो दिन पहले ही शेखपुरा से बेटी के घर धनबाद से लौटी थीं। वह बेटे, बहू और पोती के साथ रहती थीं। शनिवार रात बहू मायके गई थी। घर में सिर्फ मां-बेटा थे। इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी हुई और गुस्से में राजू ने मां को डंडे से बेरहमी से पीटा। इसके बाद लहूलुहान हालत में उसे कमरे से बाहर सीढ़ी पर फेंककर खुद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
ब्लॉक में सुनी गई, लेकिन किसी ने नहीं की मदद
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि डायल-112 की सूचना पर रविवार अहले सुबह पुलिस पहुंची। तब तक उर्मिला देवी सीढ़ी पर घंटों से तड़प रही थीं। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। डीएसपी ने कहा कि अगर रात में ही सूचना मिल जाती तो शायद जान बच जाती। मारपीट और चीखने की आवाज पूरे ब्लॉक में सुनी गई, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
हत्या की वजह का नहीं चला पता
पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। मृतका की बेटी पिंकी देवी ने बताया कि 2019 में भाई की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद से राजू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका कांके मेंटल अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी था और पैसे के लिए अक्सर मां से झगड़ा करता था। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
