Bokaro Crime News: चॉकलेट मांगने पर तीन वर्षीय भांजे को थमाई असली पिस्टल, ट्रिगर दबने से मासूम की मौत
Bokaro Crime News: ख़ौफ़नाक लापरवाही, बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट (रांची मोहल्ला) में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तीन वर्षीय मासूम शाहील राज अपने ही सगे मामा की भयंकर लापरवाही का शिकार हो गया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट (रांची मोहल्ला) में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तीन वर्षीय मासूम शाहील राज अपने ही सगे मामा की भयंकर लापरवाही का शिकार हो गया। मामा ने चॉकलेट मांगने पर भांजे के हाथ में खिलौने की जगह असली लोड पिस्टल थमा दी। खेल-खेल में मासूम से ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके सिर को भेदती हुई निकल गई। मौके पर ही बच्चे ने तड़पकर दम तोड़ दिया। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर घटी इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में सन्नाटा पसार गया है।
चॉकलेट की जगह थमाया मौत का सामान
मृतक की मां के अनुसार, सुबह वह अपने मासूम बेटे को नाश्ता करा रही थी। इसी दौरान उसका भाई (बच्चे का मामा) 21 वर्षीय राजेश कुमार घर पहुंचा। अपने मामा को देखते ही शाहील ने मचलते हुए डेयरी मिल्क चॉकलेट की मांग की। इस पर राजेश ने कहा— “चॉकलेट मत खाओ, तुम्हारे लिए खास खिलौना लाया हूं”—और अपनी जेब से पिस्टल निकालकर बच्चे के हाथ में थमा दी। मां ने भी त्यौहार का माहौल देखकर यही समझा कि भाई भांजे के लिए कोई प्लास्टिक का खिलौना लाया है।
एक पल में मातम में बदला खुशी का माहौल
मासूम शाहील पिस्टल को खिलौना समझकर उसके साथ खेलने लगा। इसी बीच अनजाने में उसका हाथ ट्रिगर पर चला गया। जोर का धमाका हुआ और गोली सीधे बच्चे के सिर में जा लगी। जो घर पल भर पहले हंसी-ठिठोली से गूंज रहा था, वह अचानक चीखों और चीत्कार में बदल गया। मासूम को खून से लथपथ देखकर मां बदहवास होकर गिर पड़ी। धमाके की आवाज सुनकर पिता शंकर राम और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के तुरंत बाद आरोपी मामा मौका-ए-वारदात से फरार हो गया।
पुलिस ने जब्त की पिस्टल, आरोपी की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आरोपी मामा के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और घटना में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की टीमें फरार राजेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
