Chhath Puja 2026: छठ पर्व को लेकर 15 एवं 16 नवंबर को भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध, यातायात व्यवस्था में किया गया बदलाव
Chhath Puja 2026: 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 9 बजे तक लागू रहेगा आदेश
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चास अनुमंडल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, चास प्रांजल ढांडा एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), बोकारो अजय कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार 15 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को प्रातः 3 बजे से सुबह 9 बजे तक निर्धारित मार्गों पर मालवाहक भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर भारी वाहनों का परिचालन रहेगा प्रतिबंधित
• तेलमच्चो सेक्टर-11 मोड़ से सेक्टर-11 की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
-पुपुनकी टोल प्लाजा से जोधाडीह मोड़, चास की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इन वाहनों को पुपुनकी टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा।
– तेलगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़, चास की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें तेलगड़िया मोड़ के पास रोका जाएगा।
-आईटीआई मोड़ (फोरलेन) से जोधाडीह मोड़, धर्मशाला मोड़, पिंड्राजोरा एवं उकरीद मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इन्हें आईटीआई मोड़ (फोरलेन) के पास रोका जाएगा।
-पिंड्राजोरा चेकपोस्ट से आईटीआई मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें पिंड्राजोरा चेकपोस्ट के पास रोका जाएगा।
-पेटरवार से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इन्हें जरीडीह टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा।
-बोकारो स्टील प्लांट एवं माराफारी की ओर से बालीडीह जाने वाले भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें रेलवे पुल, माराफारी के पास रोका जाएगा।
छोटे वाहनों के परिचालन में भी बदलाव
• स्टेशन मोड़, बालीडीह से बालीडीह टोल प्लाजा की ओर जाने वाले छोटे वाहनों का परिचालन सड़क के दाहिने लेन से होगा। बायां लेन पूर्णतः बंद रहेगा।
• तेलगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ की ओर जाने वाले छोटे वाहनों का परिचालन भी सड़क के दाहिने लेन से होगा। बायां लेन बंद रहेगा।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश
संयुक्त आदेश में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत पड़ने वाले सभी छठ घाटों के पहुंच पथ पर अर्घ्य के निर्धारित समय के दौरान बड़े वाहनों का परिचालन बंद कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
