JUJ District Conference : पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए बड़े आंदोलन की तैयारी, चांडिल में जुटे जेयूजे के सैकड़ों पत्रकार

JUJ District Conference: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित पुराना आइबी परिसर में बुधवार को झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (जेयूजे) का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बोले—-अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक ले जाएगा संगठन।

 

न्यूज़ इंप्रेशन

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित पुराना आइबी परिसर में बुधवार यानी 30 सितंबर को झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (जेयूजे) का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और संगठन को मजबूत करने समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग सम्मेलन में प्रमुखता से उठी। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं, लेकिन समाचार संकलन और प्रसारण के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों और दबाव का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून जरूरी है।

संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा

प्रदेश अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों के सामने वर्तमान समय में अनेक समस्याएं हैं। पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए संगठन की ओर से बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। प्रदेश महासचिव सतीश शाहदेव ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकार संगठनों को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता को समय की जरूरत बताया।

संगठन की मजबूती में ही शक्ति निहित

प्रदेश संगठन मंत्री शिव कुमार अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती में ही उसकी शक्ति निहित है। जब पत्रकार एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे, तभी उनकी मांगों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पत्रकारों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *