NTPC National Archery Competition: एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी में बामदेवरा धीरज व अंकिता को मिला प्रथम रैंक, प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 400 खिलाड़ी शामिल
NTPC National Archery Competition: झारखंड राज्य तीरंदाजी एसोसिएशन के तत्वावधान में मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में चल रहे द्वितीय एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
न्यूज़ इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: झारखंड राज्य तीरंदाजी एसोसिएशन के तत्वावधान में मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में चल रहे द्वितीय एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने रिकर्व और कंपाउंड राउंड में सटीक निशाना साधकर बेहतर रैंक हासिल किया। प्रारंभिक चरण के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
सीनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में धीरज ने पहला रैंक-1 किया हासिल
सीनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में सर्विसेज एसएससीबी के बामदेवरा धीरज ने 6-4 सेट प्वाइंट के साथ रैंक-1 हासिल किया। रेलवे आरएसपीबी के यशदीप भेगे 4-6 सेट प्वाइंट के साथ दूसरे और ओडिशा के अर्जुन खारा तीसरे स्थान पर रहें। महिला रिकर्व वर्ग में झारखंड की अंकिता भक्त ने 6-0 सेट प्वाइंट के साथ रैंक-1 हासिल किया। पेट्रोलियम पीएसपीबी की दीपिका कुमारी दूसरे और महाराष्ट्र की गाथा आनंदराव खडके तीसरे स्थान पर रहीं।
सीनियर कंपाउंड पुरुष वर्ग में अमन सैनी प्रथम
सीनियर कंपाउंड पुरुष वर्ग में दिल्ली के अमन सैनी ने 149 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। रेलवे आरएसपीबी के साहिल राजेश जाधव 148 अंक के साथ दूसरे और दिल्ली के अभिषेक वर्मा 148 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला कंपाउंड वर्ग में रेलवे आरएसपीबी की जसवीर कौर ने 147 अंक के साथ रैंक-1 हासिल किया। महाराष्ट्र की प्रिथिका प्रदीप 147 अंक के साथ दूसरे और महाराष्ट्र की परी ललित बतासा 149 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में यह थे मौजूद
इस अवसर पर बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह आयोजन सचिव व पूर्व विधायक लंबोदर महतो, जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह, तीरंदाजी कोच करण चंद कर्मकार, प्रकाश कुमार पापे सहित अन्य मौजूद थे।
