Jharkhand State Basketball Championship: 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो का शानदार प्रदर्शन, बालक टीम ने जीता कांस्य पदक

Jharkhand State Basketball Championship: धनबाद जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में केके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गोविंदपुर (धनबाद) में आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की बालक एवं बालिका टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Dhanbad: धनबाद जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में केके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गोविंदपुर (धनबाद) में आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की बालक एवं बालिका टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बालक टीम ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया, जबकि बालिका टीम चौथे स्थान पर रहकर भी अपने शानदार खेल से सभी का दिल जीतने में सफल रही।

बालक वर्ग में बोकारो टीम ने अपने पहले मुकाबले में दुमका को 42-27 से पराजित कर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में जैप-1 के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। लीग चरण के तीसरे मुकाबले में ईस्ट सिंहभूम से 19-39 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। क्वार्टर फाइनल में बोकारो ने सरायकेला को 23-12 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में जमशेदपुर के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में बोकारो को 35-37 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में बोकारो का सामना बीएसएल सेल की टीम से हुआ, जहां खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 37-34 से जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

बालक टीम के कप्तान साहिल ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके नेतृत्व में कृष्णा, नमन, मन्नत, श्रेयश, अनमोल, नवीन, हर्ष, कन्हैया, मनीष एवं हर्षनाथ ने टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं बालिका वर्ग में बोकारो टीम ने सरायकेला को 24-20 तथा छोटानागपुर को 30-23 से पराजित किया। तीसरे लीग मुकाबले में जमशेदपुर के खिलाफ 39-45 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां रांची को 22-09 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में बोकारो का मुकाबला टाटा स्टील से हुआ, जिसमें टीम को 39-47 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में जमशेदपुर के खिलाफ संघर्षपूर्ण खेल दिखाने के बावजूद बोकारो की टीम 22-29 से हार गई और चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रही। हालांकि 31 टीमों के बीच चौथा स्थान हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही। बालिका टीम की कप्तान सेजल के नेतृत्व में शाम्भवी, सौम्य, सान्वी, प्राची, आकांक्षा, अंकिता, हर्षिका, माही, नंदनी, शिमरन एवं अदिति ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों और खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। टीम के कोच किंकर कृष्णा, आकाश मंडल, संता एवं निशांत ने अपने अनुभव और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिसका परिणाम पूरे चैंपियनशिप में बोकारो के शानदार प्रदर्शन के रूप में देखने को मिला। इस उपलब्धि से बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन में खुशी की लहर है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि बोकारो की टीम पिछले डेढ़ वर्षों से लगातार राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सरकारी अथवा जिला प्रशासन की सहायता के खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भेजना और उनकी व्यवस्था करना काफी चुनौतीपूर्ण कार्य है। यदि जिला खेल विभाग और प्रशासन का सहयोग मिले तो बोकारो के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम और ऊंचा करेंगे।

उन्होंने बोकारो पब्लिक स्कूल, सेक्टर-3 का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय चयन ट्रायल से लेकर प्रशिक्षण शिविर तक हर स्तर पर सहयोग करता रहा है। उन्होंने विद्यालय के कोच आकाश मंडल को भी विशेष धन्यवाद दिया।

एसोसिएशन के सचिव कन्हैया प्रसाद ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बोकारो के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आज तक समर्पित बास्केटबॉल कोर्ट का अभाव है, फिर भी खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों में अभ्यास कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाल्मीकि पाठक, जूनियर उपाध्यक्ष राजन कुमार दुबे, संयुक्त सचिव जे.के. सिंह, तकनीकी चेयरमैन अमित कुमार, परमेश्वर महतो, जयबीर सिंह, विनय दुबे, बच्चे खान तथा अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बोकारो को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *