Bokaro News: बोकारो जिले के चार विधानसभा में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए 81,850 फॉर्म-6 प्राप्त, 56,532 आवेदनों का निष्पादन

Bokaro News: सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की समीक्षा की।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की समीक्षा की। दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची निर्माण व पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गयी।

उपायुक्त ने कहा कि इस वक्त महत्वपूर्ण यह है कि सभी लोग इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा हैं। सभी की जिम्मेदारी है कि मतदाता सूची से संबंधित पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो। लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। 

पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि से अपने बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) को सक्रिय रखने का आग्रह किया गया। बताया गया कि ऐसे सभी नए मतदाता, जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा वैसे व्यक्ति जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।

81 हजार से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त

जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 27-08-2024 से 07-09-2026 तक बोकारो जिले में कुल 81,850 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें से 56,532 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 25,318 आवेदन निष्पादन की प्रक्रिया जारी हैं। गोमिया विधानसभा में 17,737, बेरमो विस में 16,017, बोकारो विस में 36,418 तथा चंदनकियारी विस में 11,669 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं।

 

2.79 लाख मतदाताओं के नोटिस व सुनवाई की प्रक्रिया

बैठक में डीसी ने बताया गया कि जिले में कुल 2,79,044 मतदाताओं से संबंधित नोटिस व सुनवाई की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त शिकायतों व सुझावों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए उनका ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें।

बैठक में ये थे मौजूद

मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, भाजपा के विकास कुमार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जवाहर लाल, सीपीआई(एम) के बोकारो जिलाध्यक्ष भागीरथ शर्मा, बीएसपी के जिलाध्यक्ष मो. सुल्तान, आम आदमी पार्टी के सचिव विधान चन्द्र राय, राजद के के संदीप पासवान, सीपीआई(एम) की रेणु दास, बसपा समीर कुमार व देवानंद राम उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *