Bokaro News: आग के बाद अब तेल माफिया पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, पेट्रोल-डीजल व इथेनॉल जब्त

Bokaro News: रविवार को एसडीओ प्रांजल ढांडा ने करवाई करते हुए सेक्टर-12, बालीडीह और गरगा डैम क्षेत्र में छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल, तेल टैंकर, छोटे टैंकर वाहन, दर्जनों ड्रम तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

 Bokaro: बोकारो शहर के सेक्टर-12 में बार-बार आग की घटनाओं और अवैध ईंधन कारोबार से उठते सवालों के बीच चास अनुमंडल प्रशासन ने तेल माफिया के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को एसडीओ प्रांजल ढांडा ने करवाई करते हुए सेक्टर-12, बालीडीह और गरगा डैम क्षेत्र में छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल, तेल टैंकर, छोटे टैंकर वाहन, दर्जनों ड्रम तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए।

अवैध ईंधन कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई

सबसे पहले सेक्टर-12 स्थित आरबीएस कॉलेज के समीप एचपीसीएल ट्रांसपोर्टर के एक तेल टैंकर और ड्रमों में अवैध रूप से संग्रहित पेट्रोल-डीजल बरामद हुआ। इसके बाद बालीडीह थाना क्षेत्र के सीमलदुही में बीपीसीएल प्लांट के समीप ड्रमों में भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल जब्त किया गया। वहीं गरगा डैम के झोपड़ो क्षेत्र से एक छोटा तेल टैंकर, खाली ड्रम और अन्य सामग्री बरामद कर जब्त कर ली गई। जब्त ईंधन की मात्रा का आकलन जारी है। एचपीसीएल और बीपीसीएल के अधिकारी भी जांच में जुटे हैं।एसडीओ प्रांजल ढांडा ने साफ कहा कि जन सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध ईंधन कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी तथा आम लोगों से भी ऐसे कारोबार की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।

अवैध पेट्रोल-डीजल कटिंग सेंटर में भीषण लगी थी आग

यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि 14 मई को सेक्टर-12एफ स्थित अवैध पेट्रोल-डीजल कटिंग सेंटर में भीषण आग लगी थी। इससे पहले फरवरी में भी उसी स्थान पर आग लग चुकी थी। लगातार दो घटनाओं ने प्रशासनिक निगरानी और अवैध तेल कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। जांच में यह भी सामने आता रहा है कि सेक्टर-12, बालीडीह, पिंड्राजोड़ा, चास मुफस्सिल और जरीडीह क्षेत्र में लंबे समय से अवैध ईंधन भंडारण और कारोबार की शिकायतें मिलती रही हैं। वहीं 31 मई को सिटी थाना क्षेत्र की एलएच कॉलोनी में केरोसिन तेल के अवैध भंडारण के दौरान लगी भीषण आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया था। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। लगातार हो रही आग की घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया था कि बिना सुरक्षा मानकों के ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में प्रशासन की ताजा कार्रवाई को तेल माफिया पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *