Bokaro Crime News: तेनुघाट में नवविवाहिता ने मायके में लगाई फांसी, दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति रांची में है दारोगा

Bokaro Crime News: बोकारो जिले के तेनुघाट ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत घरवाटांड़ गांव में शुक्रवार देर शाम 24 वर्षीय नवविवाहिता पिंकी कुमारी ने अपने मायके में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

 

न्यूज इंप्रेशन 

Bokaro: बोकारो जिले के तेनुघाट ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत घरवाटांड़ गांव में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां 24 वर्षीय नवविवाहिता पिंकी कुमारी ने अपने मायके में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, पिंकी की शादी इसी वर्ष 29 अप्रैल को गोमिया प्रखंड के पड़रिया निवासी संतोष यादव से हुई थी। संतोष यादव वर्ष 2018 बैच के दारोगा हैं और वर्तमान में रांची में पदस्थापित हैं। बताया जाता है कि पिंकी चार-पांच दिन पहले रांची से अपने मायके घरवाटांड़ आई थी। शुक्रवार शाम वह घर में अपनी मां के साथ थी, जबकि उसके पिता नेमचंद यादव काम पर गए हुए थे। इसी दौरान उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. शंभु कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही उसके पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका दावा है कि लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण पिंकी ने यह कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही तेनुघाट ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *