Bokaro Crime News: प्रेमी की रिहाई की जिद में मौत से खेल गई युवती, सैकड़ों फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर किया हाई-वोल्टेज ड्रामा

Bokaro Crime News: प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला है। मंगलवार को बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के ढेंढे गांव में उस वक्त सनसनी का कारण बन गया, जब अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर एक युवती सैकड़ों फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई, प्रशासन की सूझबूझ टला हादसा।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro: प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला है। मंगलवार को बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के ढेंढे गांव में उस वक्त सनसनी का कारण बन गया, जब अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर एक युवती सैकड़ों फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की जिद, नीचे उमड़ी भारी भीड़ और हर पल मंडराते खतरे के बीच कई घंटों तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा। आखिरकार प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल से युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया। जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज थी युवती 

जानकारी के अनुसार ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव निवासी सोनी उर्फ रानी मंगलवार को गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई से उसने स्पष्ट ऐलान कर दिया कि जब तक उसके प्रेमी को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। बताया जाता है कि चार दिन पूर्व ललपनिया थाना प्रभारी जय प्रकाश एक्का उसे रांची से बरामद कर लाए थे, जबकि संबंधित युवक फिलहाल जेल में बंद है। इसी बात से नाराज होकर युवती ने यह जोखिम भरा कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया और लोगों को दूर रहने का निर्देश दिया गया। वहीं देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रशासन लगातार युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा रहा।

जिला परिषद अध्यक्ष की पहल रंग लाई

कई घंटों तक चले तनावपूर्ण घटनाक्रम के बीच बोकारो जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने मोर्चा संभाला। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक से मोबाइल पर हुई बातचीत के बाद युवती का गुस्सा धीरे-धीरे शांत हुआ। समझाने और भरोसे के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद एसडीएम बेरमो, गोमिया बीडीओ, अंचल अधिकारी, समाजसेवी चितरंजन साव, गोमिया थाना प्रभारी, ललपनिया थाना प्रभारी तथा महुआटांड़ थाना प्रभारी की मौजूदगी में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम के प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती के सकुशल नीचे आते ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद या समस्या का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। यह घटना पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *