Bokaro News: 28 जून से जिलेभर में शुरू हो रहा है तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 3.53 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का है टारगेट

Bokaro News: 28 जून से जिलेभर में शुरू हो रहा है तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 30 जून तक चलेगा अभियान, 3.53 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, तैयारियों की समीक्षा को लेकर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अधिकारियों के साथ बैठक।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। मौके पर सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। पल्स पोलियो अभियान अभियान 28 जून से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। वहीं छूटे हुए बच्चों को 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो का ड्राप पिलाया जाएगा। जिले के सभी 2,005 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इस वर्ष अभियान के दौरान 3,53,072 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य तय किया गया है। डीडीसी ने कहा कि बूथ दिवस पर ही कम-से-कम 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाए।

विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से चलेगा जागरूकता अभियान

डीडीसी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में बच्चों के माध्यम से अभिभावकों तक संदेश पहुंचाने तथा पल्स पोलियो दिवस की जानकारी साझा करने का निर्देश दिया। महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में घर-घर संपर्क स्थापित कर लोगों को जागरूक करने और अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पोलियो वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में आइस पैक एवं कोल्ड चेन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित रहे। सभी प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान से जुड़े सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही, प्रत्येक प्रखंड से माइक्रो प्लान व मैनपावर आइडेंटिफिकेशन संबंधी प्रतिवेदन 18 जून तक जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाए।

25 जून से तेज होंगी आईईसी व आईपीसी गतिविधियां

बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जून से जिलेभर में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आइईसी) तथा इंटरपर्सनल कम्युनिकेशन (आइपीसी) गतिविधियों को और अधिक गति दी जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस, जिला समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका और जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

24 मोबाइल टीम व 60 ट्रांजिट टीमें रहेंगी सक्रिय

अभियान के दौरान जिलेभर में 2,005 बूथों के अतिरिक्त 60 ट्रांजिट टीमों तथा 24 मोबाइल टीमों को भी तैनात किया जाएगा। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, भीड़भाड़ वाले स्थलों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी। मौके पर नोडल पदाधिकारी डॉ शलिना टुड्डू, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ एनपी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डॉ अनिल कुमार सहित प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *