Jharkhand Assembly Election 2024: कांग्रेस-जेएमएम देश को बांटना चाहते हैं, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे, जुड़ोगे तो जीतोगे
Jharkhand Assembly Election 2024: केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को गाण्डेय विस में भाजपा प्रत्याशी मुनिया देवी व र जमुआ विस से उम्मीदवार डॉ. मंजू देवी के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। कहा—झारखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त, 7 हजार 400 से ज्यादा दुष्कर्म, झारखंड में सोरेन की भाभी ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Gandey/Jamua: केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को झारखंड की गाण्डेय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी मुनिया देवी और जमुआ विधानसभा से उम्मीदवार डॉ. मंजू देवी के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने झारखंड जैसे सुंदर प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया है। गठबंधन की सरकार ने यहां बालू, ईंट, पत्थर, कोयला सब हज़म कर लिया। इतना ही नहीं झारखंड में नेता, मंत्रियों के घरों से नोटों के पहाड़ बरामद किए जा रहे हैं और राज्य के युवा एक अदत नौकरी के लिए तरस रहे हैं। गठबंधन सरकार के रहते झारखंड की जनता कभी सुखी नहीं रही है। इसलिए अब जनता-जनार्दन ने भी जेएमएम सरकार को उखाड़ फैंकने की ठान ली है और झारखंड की माटी, रोटी, बेटी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
कल्पना सोरेन जवाब दें, कितनी हत्याएं हुई
केन्द्रीय मंत्री ने जेएमएम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में मां, बहन और बेटियां सुरक्षित नहीं है। हर दिन यहां महिलाओं का अपमान हो रहा है। झारखंड में 7 हजार 400 से ज्यादा बलात्कार हुए हैं। आए दिन हत्या, अपहरण, छेड़छाड़ और संज्ञेय अपराध घटित हो रहे हैं। कल्पना सोरेन जवाब दें कि यहां कितनी बेटियों की हत्याएं हुई है। झारखंड में रूबीका पहाड़िया और अंकिता सिंह जैसी बेटियों की निर्मम हत्याएं की जा रही है, लेकिन सोरेन सरकार चुप्पी साधे बैठी है। आम जनता तो दूर की बात यहां तो हेमंत सोरेन की भाभी भी सुरक्षित नहीं है। सोरेन के मंत्री इरफान अंसारी ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन जी पत्नी, शीबू सोरेन जी की बहू और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग किया, लेकिन हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन ने इस मामले में ना तो कुछ कहा ना ही इरफान अंसारी के खिलाफ कोई कार्रवाई की। यहां जब मुख्यमंत्री की भाभी का ही अपमान हो रहा है तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। चारों तरफ अत्याचार, अन्याय, भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूटपाट मची है। महिलाओं का मान-सम्मान और सुरक्षा भाजपा का प्रण है।
घुसपैठियों ने जमीनों व गांवों पर कब्जा कर रखा है
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर कह रहे हैं कि, हम विदेशी घुसपैठियों को भी 450 रूपए में गैस सिलेंडर देंगे। शिवराज सिंह ने कहा कि क्या विदेशी घुसपैठिए कांग्रेस और जेएमएम के जमाई लगते हैं जो उन्हें गैस सिलेंडर सस्ते दामों में दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां विदेशी घुसपैठियों ने जमीनों और गांवों पर कब्जा कर रखा है, कई जगह को जमाईटोला ही बन गया है। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि ये घुसपैठिए लगातार आ रहे हैं, हमारी बेटियों से शादी कर रहे हैं, उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। पंचायतों पर कब्जा कर रहे हैं और जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। ये राज्य उनका है, लेकिन कोई विदेश से घुसकर यहां आया तो उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।
कोई ताकत धारा 370 वापस नहीं ला सकती
मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कहा था कि आयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाएंगे और रामलला विराजमान होंगे। हम कहते थे कि राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे तब कांग्रेस और जेएमएम वाले कहते थे कि तारीख नहीं बताएंगे, लेकिन आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राम मंदिर बनकर तैयार है। भाजपा ने तय किया था कि, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करेंगे। एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 को हटा लिया गया, लेकिन अब कांग्रेस और जेएमएम वाले कह रहे हैं कि हम कश्मीर में फिर से धारा 370 लागू करेंगे। चौहान ने कहा कि अब दुनिया की कोई ताकत धारा 370 को वापस नहीं ला सकती है। अब सवाल केवल पाक अधिकृत कश्मीर का है, लेकिन एक दिन वहां भी भारत का झंडा फहराएंगे और पूरा कश्मीर हमारा होगा। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि ये कांग्रेस और जेएमएम के लोग देश को जात-पात में बांटना चाहते हैं, तोड़ना चाहते हैं, लेकिन हमें बंटना नहीं है। एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे, जुड़ोगे तो जीतोगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं बल्कि झारखंड मिटाओ मोर्चा है
केन्द्रीय मंत्री ने जेएमएम और हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि जेएमएम अब झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं बल्कि झारखंड मिटाओ मोर्चा है। जेएमएम आज पति, पत्नी और वो की पार्टी बन गई है, वो मतलब उनका भाई। सोरेन को जनता के विकास और कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है, मतलब नहीं है। उनका अच्छे लोगों से भी कोई वास्ता नहीं है उन्हें केवल कमीशन खाने वाला चाहिए। वन संपदा, जल संपदा और खनिज संपदा से भरपूर प्रदेश को हेमंत सोरेन, कांग्रेस और आरजेडी की सरकार ने लूटकर खोखला कर दिया है। जेएमएम की सरकार में सरकारी दफ्तरों में बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता है। हर चीज़ के रेट तय कर रखे हैं। जनता को किसी भी योजना के लाभ के लिए पैसे देने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपए आवास योजना के लिये भेजे थे, लेकिन हेमंत सोरेन ये पैसा भी खा गए। मोदी जी ने हर घर नल से जल पहुँचाने की योजना बनाई, उसके लिये 10 हजार करोड़ रुपये भेजे, लेकिन हेमंत सोरेन और उनके लोग जल जीवन मिशन का भी पूरा पैसा डकार गए। आज झारखंड में बालू किसी को नहीं मिल रही है। यहां बालू बाल्टी में किलो से बिक रही है। बालू तो बांग्लादेश तक पहुंचाई जा रही है। हेमंत सोरेन ने तो खुद का विकास, धर्मपत्नी का विकास और भैया का ही विकास किया है।