Jharkhand Election Meeting of Amit Shah : अमित शाह ने इंडिया गठबंधन पर जमकर साधा निशाना, कहा—झारखंड में घुसपैठियों का समय अब खत्म होने वाला है
Jharkhand Election Meeting of Amit Shah : डुमरी, गिरिडीह व गांडेय में गुरुवार को चुनावी जनसभा को किया संबोधित। कहा, झारखंड को जेएमएम-कांग्रेस-राजद अपना एटीएम बनाना चाहती है। झारखंड में केंद्र की योजना लागू करने की बजाय घुसपैठियों को बसाने में जुटी है हेमंत सरकार। झारखंड में घुसपैठियों का समय अब खत्म होने वाला है।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro/Dumri : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डुमरी, गिरिडी व गांडेय में गुरुवार को चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कहा कि झारखंड को झमुमो- कांग्रेस- राजद एटीएम बनाना चाहती है। जबकि एनडीए की सरकार बनने पर यहां विकास के काम होंगे। शाह ने कहा, हेमंत सरकार केंद्र की योजना लागू करने की बजाय घुसपैठियों को बसाने में जुटी हुई है। वहीं, झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनते ही विकास रफ्तार पकड़ लेगी।
हर जगह नक्सली अब गिन रहे हैं अंतिम सांसें
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि झारखंड लंबे समय तक नक्सलवाद से जूझ रहा था। नक्सली यहां के लोगों के जीवन को प्रभावित कर रहे थे। नक्सलवाद ने झारखंड को तबाह करने में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन देश में नरेन्द्र मोदी की सरकार आते ही नक्सलियों पर शिकंजा कस गया। उन्होंने कहा 10 साल के शासन में हमने नक्सलवाद से मुक्त करने का काम किया है। छत्तीसगढ़ हो या झारखंड हर जगह नक्सली अब अंतिम सांसें गिन रहे हैं।
पहले चरण में जेएमएम का सूपड़ा हो गया साफ
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि पहले चरण का मतदान यहां हो गया है, 43 सीटों पर झारखंड की जनता ने वोटिंग की है। मैं आपको अभी रिजल्ट बता दूं? शाह ने आप लोग कह रहे हैं तो मैं पेपर लीक कर देता हूं। पहले चरण में जेएमएम का सूपड़ा साफ हो गया है और बीजेपी की सरकार भारी मतों से आ रही है।उन्होंने कहा कि घुसपैठिए झारखंड में आकर बच्चियों से शादी करके उनकी जमीन हड़प लेते हैं। झारखंड में कमल फूल की सरकार बना दो, यहां बाहरी इंसान क्या परिंदा भी पैर नहीं मार पाएगा। कोई घुसपैठी नहीं घुस पाएगा। हम ऐसा कानून लेकर आएंगे कि जिन्होंने आदिवासियों की जमीन हड़पी है, उन्हें वापस करनी पड़ेगी। अगर आसानी से वापस नहीं करेंगे तो उल्टा लटकाकर उसे सीधा करने का काम भी करेंगे।