Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 13 नवंबर को 15,344 बूथों में 43 सीटों के लिए होगा मतदान
Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 13 नवंबर को 15,344 बूथों में 43 सीटों के लिए होगा मतदान। मुख्य निर्वाची पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया, दूरदराज के मतदानकेंद्रों में हेलीड्रापिंग के माध्यम से मतदानकर्मियों को पहुंचाया गया। सुबह 7 से शाम 5 बजे तक कराई जाएगी वोटिंग।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा। मुख्य निर्वाची पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि दूरदराज के मतदानकेंद्रों में हेलीड्रॉपिंग के माध्यम से मतदानकर्मियों को पहुंचाया गया। कुल 15,344 बूथों में 43 सीटों के लिए सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी, लेकिन मतदान के समय की समाप्ति के बाद भी कतार में खड़े लोग वोट दे सकेंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान में कुल 1.37 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे, उनमें पुरुष वोटर 68.73 लाख व महिला वोटरों की संख्या 68.36 लाख है। साथ ही थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 303 और 85 वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या 63,601 है। जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1.91 लाख तो 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या 6.51 लाख है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति मतदान वाले क्षेत्र में नहीं रहेगा। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाना, फोटो लेना एवं वीडियो बनाना वर्जित है। ऐसा करते पकड़े जाने पर सजा का भी प्रविधान है।
कुल 683 प्रत्याशी हैं 43 सीटों के चुनाव मैदान में
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में जिन 43 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, उनमें 17 सीट सामान्य, 20 अनुसूजित जनजाति और 6 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। उक्त 43 सीटों से कुल 683 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में हैं। उनमें 609 पुरुष, 73 महिला और एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर के हैं। कुल 15,344 मतदान केंद्रों में से 12,716 बूथ ग्रामीण और 2,628 बूथ शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। उनमें 50 बूथ यूनिक कैटेगरी के हैं। वहीं, 1,152 मतदान केंद्रों में मतदान की पूरी प्रक्रिया कराने का जिम्मा महिलाओं के हाथों में रहेगा। जबकि 23 बूथों की जिम्मेदारी युवा और 24 बूथों का जिम्मा दिव्यांग लोग संभालेंगे।
झारखंड में पहले चरण में यहां-यहां होगा वोटिंग
झारखंड में 13 नवंबर को पहले चरण में जहां-जहां मतदान होगा, उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया (अजा), चतरा (अजा), बहरागोड़ा, घाटशिला (अजजा), पोटका (अजजा), जुगसलाई (अजा), जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला (अजजा), चाईबासा (अजजा), मझगांव (अजजा), जगन्नाथपुर (अजजा), मनोहरपुर (अजजा), चक्रधरपुर (अजजा), खरसांवा (अजजा), तमाड़ (अजजा), तोरपा (अजजा), खूंटी (अजजा), रांची, हटिया, कांके (अजा), मांडर (अजजा), सिसई (अजजा), गुमला (अजजा), विशुनपुर (अजजा), सिमडेगा (अजजा), कोलेबिरा (अजजा), लोहरदगा (अजजा), मनिका (अजजा), लातेहार (अजा), पांकी, डालटेनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर (अजा), हुसैनाबाद, गढ़वा एवं भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।