Jharkhand Foundation Day 2023: 23 साल का हुआ झारखंड, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर हुई थी राज्य की स्थापना
Jharkhand Foundation Day 2023: भगवान बिरसा मुंडा की 148वीं जयंती व झारखंड राज्य का 23वीं स्थापना दिवस बोकारो जिले में मना धूमधाम से, नया मोड़ बिरसा चौक पर मुख्य समारोह का किया गया आयोजन, मंत्री बेबी देवी सहित राजनीति दल के नेताओं, जिला प्रशासन व बीएसएल के पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: भगवान बिरसा मुंडा की 148वीं जयंती व झारखंड राज्य स्थापना की 23वीं वर्षगांठ (Jharkhand Foundation Day) बुधवार को गांव से लेकर शहर तक धूमधाम से मनाया गया।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में नया मोड़ बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड के मंत्री बेबी देवी, मंत्री (दर्जा प्राप्त) योगेंद्र प्रसाद महतो, बेरमो विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, एसपी प्रियदर्शी आलोक, डीडीसी कीर्तीश्री जी, चास एसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित पदाधिकारियों ने माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुंडा समाज से पाहन जर्मन मुडा, संताल समाज से नायके जगरनाथ मुर्मू, उरांव समाज से पाहन सुभाष उरांव व हो समाज से दियूरी गंगाधर पूर्ती ने आदिवासी रीति रिवाज से पूजा अर्चना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष योगो पूर्ति ने की। समिति के अध्यक्ष योगो पुर्ति ने बताया कि बीते 47 साल से समिति द्वारा नयामोड़ स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जा रही है।
कार्यक्रम आयोजन में रहा इनका सहयोग
आयोजन में समिति के सचिव महेश मुंडा, कोषाध्यक्ष संजय गांगराई, उपाध्यक्ष रामदयाल सिंह, संजु सामता, रेंगो बिरूवा, झरीलाल पात्रा, फुलचंद्र एक्का, चंद्र कुमार सिंह मुंडा, राजकुमार सोरेन, रूपलाल मांझी, किशोर किस्कु, सुनील कुमार टुडू, चंद्रकात पूर्ती, ओमप्रकाश खलखो, गोविंद टुडू, गोपाल कृष्णा सांडिल, पान बाबू सोरेन, विजय एक्का, दिनेश बेसरा, आकाश समाड, संजीव कुमार सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।
संस्कृति को बचाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में समिति के सदस्य राजकुमार गोराई के नेतृत्व में संकल्प सभा का आयोजन किया। लोगों ने बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल गोलंबर में एक दूसरे का हाथ पकड़कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा, अपनी भाषा संस्कृति-रीति रिवाज को अक्षुण्ण रखने, सीएनटी-एसपीटी एक्ट को सख्ती से लागू करवाने, वीर बिरसा, सिद्धों कान्हु, चांद भैरो, फूलो झानों के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान धानसिंह मुंडारी, स्व. करम सिंह संडील के आजीवन सहयोग एवं अन्य समिति से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए दो मिनट का मौन सभा रखा गया। अतिथियों द्वारा विभिन्न सरना स्थल एवं जाहेर थान के नायके बाबा, मांझी हड़ाम, पाहन और दियुरी को सम्मानित किया गया।
जुलूस की शक्ल में पहुंचे बिरसा चौक
जयपाल नगर, घोंचा टोला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र से आदिवासी समुदाय के लोग जुलूस की शक्ल में बिरसा चौक पहुंचे। वहीं, तृतीय सत्र में सांस्कृतिक दल द्वारा मुख्य अतिथि बीएसएल के अधिशासी निदेशक (संकार्य) वीरेंद्र कुमार तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि अधिशासी निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) राजेंद्र प्रसाद, मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवा कुंदन कुमार, संचार प्रमुख मणिकांत धान, मुख्य महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) हरिमोहन झा, महाप्रबंधक (आईआर) प्रभाकर सहित बीएसएल अधिकारी व सम्मानित अतिथियों का स्वागत हो नृत्य कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया गया आयोजन
देर शाम तक विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य व डांस प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर कुछ लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कानूनी सलाहकार रंजीत गिरी, इंस्पेक्टर प्रभाकर मुंडा, राजकुमार गोराई, शांति सोरेन, देवला टुडू, नंदकिशोर टुडू, सुशील सोरेन सहित अन्य समिति के सदस्य उपस्थित थे।