Bokaro: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 15 वर्ष सश्रम कारावास की सजा, पांच हजार रुपए का जुर्माना भी
Bokaro में पोक्सो स्पेशल सह अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय की अदालत ने दुष्कर्म के आरोपी को 15 वर्ष की सुनाई कारावास की सजा।
पांच हजार रुपए का जुर्माना भी किया गया। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने की काटनी होगी अतिरिक्त सजा।
रिपोर्टर गीता कुमारी,
न्यूज़ इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: पोक्सो स्पेशल सह अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राजीव रंजन की अदालत ने बुधवार को दुष्कर्म के एक मामले में सुनवाई की। 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने के अभियुक्त सियालजोरी थाना क्षेत्र के चंदाहा निवासी मनोज महतो (28) को 15 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सजा अंडर सेक्शन 376 (1) व 4 (1) पोक्सो एक्ट के तहत सभी साक्ष्यों व गवाहों को सुनने के बाद सुनाई गई। साथ ही पांच हजार रुपए का जुर्माना भी किया गया है। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। यह जानकारी लोक अभियोजक वीरेंद्र कुमार ने दी।
घटना 19 दिसंबर 2021 की
घटना के संबंध में बताया जाता है कि उक्त घटना 19 दिसंबर 2021 की सुबह करीब 9 बजे की है। सियालजोरी थाना में पीड़ित किशोरी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया था कि उसकी पुत्री अकेले लोटा लेकर घर से काफी दूर खेत में शौच करने के लिए गई थी। करीब 45 मिनट बाद भी जब किशोरी घर वापस नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हुए।
बगल के बच्चों ने घर पर आकर दी जानकारी
इस दौरान बगल के कुछ बच्चों ने घर आकर उन्हें बताया कि उनकी पुत्री लहुलुहान स्थिति में बांसवारी के पास झाड़ी में बेहोश पड़ी है. यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। भागे-भागे पीड़ित किशोरी के माता-पिता घटनास्थल पर पहुंचे। देखा कि पुत्री बेहोश गिरी हुई है और उसका सलवार बगल में पड़ा हुआ है। उसका निचला हिस्सा खून से लथपथ था। यह देखते ही पीड़िता को ओढ़नी से ढंककर उठाया और घर लाए। उसकी स्थिति खराब देख परिजन तुरंत उसे लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो पहुंचे। इस दौरान रास्ते में किशोरी को होश आया तो उसने पिता को बताया कि आरोपी गमछा लपेटे पीछे से आया और उसे दबोच लिया। उसने विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी उसे मारपीट कर जबरन जमीन पर पटक दिया और दुष्कर्म किया। अस्पताल में पुत्री को भर्ती कराने के बाद पीड़ित पिता सियालजोरी थाना पहुंचे और अभियुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सियालजोरी पुलिस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को छापेमारी कर गिरफ्तार किया।