Bokaro Accident in Muharam Procession: बोकारो के पेटरवार प्रखंड के खेतको में ताजिया में बिजली का करंट आने से 13 झुलसे, चार की मौत, अन्य की स्थिति गंभीर
सार
•पेटरवार प्रखंड के खेतको में ताजिया लाने के दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से करीब 13 लोग झुल गएं।
• इनमे चार घायल की मौत हो गई।
•मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक।
• मृतक के परिजन को दो लाख और घायल को मिलेगा ₹100000 मुआवजा।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: मुहर्रम के दिन शनिवार यानी 29 जुलाई को झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड के खेतको में ताजिया लाने के दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से करीब 13 लोग झुल गएं। इनमें चार की मौत बोकारो जनरल अस्पताल में हो गई। वहीं नौ लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। जानकारी के मुताबिक सभी घायल 25 से 30 साल के है। बताया जाता है कि 11 हजार वोल्ट बिजली की गुजरी तार के संपर्क में आने से हादसा हुई। घायलों को पहले डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल में ले आया गया। सुविधा के अभाव में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बोकारो बोकारो जनरल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां चार की मौत हो गई।डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल में में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं रहने के कारण परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
मरने वालों में ये है शामिल
मरने वालों में आसिफ रजा(21 साल), एनामुल रब (35 साल), गुलाम हुसैन (18 साल) और साजिद अंसारी (18 साल) शामिल है। सभी घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। खयालों में सालुद्दीन अंसारी, इब्राहिम अंसारी, लाल मोहमद,फिरदौस अंसारी , मेहताब अंसारी, आरिफ अंसारी शहबाज अंसारी, मोजोबिल अंसारी, साकिब अंसारी शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में मातम
शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे इमामबाड़ा के दर्गाह मुहल्ला से ताजिया निकाला गया था, जो कर्बला जा रहा था। इसी बीच ताजिया 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार से सट गया। तार सटने से ताजिया में करंट आ गया और 13 लोग झुलस गये।
घटना के बाद इलाके में मातम छाया हुआ है। बिजली विभाग के जीएम (धनबाद) हरेंद्र कुमार सिंह ने घटना पर दुःख जताया। उन्होंने कहा कि बिना सूचना के यह जुलूस निकाला गया था, जिसके कारण यह हादसा हुई। विभाग और जिला प्रशासन को जानकारी नहीं दी गई थी।
मंत्री व डीसी पहुंचे बीजीएच
झुलसे लोगों के बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचते की खबर सुनकर भारी संख्या में लोग जमा हो गएं। अस्पताल परिसर में पूरा मजमा लग गया। मौके पर मंत्री बेबी देवी, बेरमो विधायक जय मंगल सिंह, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, एसपी प्रियदर्शी आलोक, चास एसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित अन्य पदाधिकारी और पार्टी के नेता पहुंच स्थिति से अवगत हुए। बेरमो विधायक जय मंगल सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर भारी शोक जताया है। विधायक ने कहा कि मृतक के आश्रितों को तत्काल मुआवजे के रूप में दो लाख रुपए, घायल को एक लाख और अन्य सरकारी सुविधाएं दी जाएगी। वहीं डीसी ने कहा कि जिले के लिए दुखद घटना है। तार सटने से ताजिया में करंट आ गया। जिसके कारण लोग झुलस गये। चार की मौत हो गई है। शनिवार सुबह जिले के अलग अलग क्षेत्रों में 17 जुलूस निकाले गए थे। इन इलाकों की बिजली काट दी गई थी। इस घटना की जांच कराई जाएगी।
जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट है। डीसी कुलदीप चौधरी एवं नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने जिला नियंत्रण कक्ष जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा– निर्देश दिए। एसडीओ–एसडीपीओ को हर गतिविधि पर नजर रखने, जुलूस के निर्धारित रूट पर ससमय निकलने को कहा गया। सभी सिविल–पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया है। पूरे जुलूस का वीडियोग्राफी, सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी की गई। सभी महत्वपूर्ण स्थानों, चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किए गए।
मुहर्रम पर्व को लेकर ट्रैफिक रूट बदलाव
मुहर्रम पर्व को लेकर शनिवार को दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है।
•पेटरवार की ओर से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को जरीडीह टोल रोका जायेगा।
•पुरूलिया की ओर से आईटीआई मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को पिन्ड्राजोरा चेक पोस्ट एवं आईटीआई मोड़ पर रोका गया।
•चन्दनकियारी की ओर से जोधाडीह मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को भवानीपुर साईड के पास रोका गया।
•धनबाद की ओर से जोधाडीह मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को तेलमच्चो टोल के पास रोका गया।
•इलेक्ट्रोस्टील की ओर से आनेवाले भारी वाहनों को तेलगड़िया मोड़ पर रोका गया।
•उकरीद मोड़ की तरफ से बालीडीह की ओर जाने वाले चार पहिया/तीन पहिया वाहन का परिचालन बांयी तरफ वर्जित रहा। सभी चार पहिया/ तीन पहिया वाहन का परिचालन उकरीद मोड़ से स्टेशन मोड़ तक दाहिने तरफ से कराया गया।
•नया मोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाली सभी प्रकार के वाहन सेक्टर-12 मोड़ से होते हुए पुलिस लाईन से होते हुए उकरीद मोड़ की ओर गए।
•माराफारी से नया मोड़ की और आने वाली भारी वाहन का परिचालन पूर्णत बंद रहा तथा भारी वाहन को रेलवे पुल के पास रोकी गई।
•चास की ओर से आने वाली तथा उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन सेक्टर-12 मोड़ से बांए पुलिस लाईन होते हुए फोरलेन से उकरीद मोड़ गया।
•नया मोड़ से उकरीद मोड़ वाले मार्ग पर जुलूस के समय बस का परिचालन पूर्णत: वर्जित रहा।