महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं, कुशलता से कर रही हैं दायित्वों का निर्वाहन

•अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

•ग्रामीण महिलाएं कर रहीं हैं लेमन ग्रास की खेती

•तीन महिला लाभुकों को दिया पिंक ऑटो

 

महावीर कुमार

न्यूज़ इंप्रेशन, 

Bokaro: महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। अगर जिले की बात करें तो प्रशासनिक महकमा में भी महिलाएं अपनी दक्षता व क्षमता से शीर्ष पदों पर आसीन है और कार्य कुशलता से अपने दायित्व का निर्वाहन कर रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कौन-कौन से कानून बने हैं, कौन सी योजनाएं सरकार द्वारा संचालित हैं। उसे जाने और उसे हासिल करने के लिए संघर्ष करें। उक्त बातें उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहीं।

डीसी सोमवार को समाहरणालय सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी साक्षर होना है। वैसे कहा भी जाता है कि एक पुरूष साक्षर होकर एक पीढ़ी को शिक्षित करता है, लेकिन एक महिला साक्षर होकर तीन पीढ़ी को शिक्षित बनाती है। एक अपने परिवार को, दूसरे अपने ससुराल को और तीसरे अपने बच्चों को शिक्षित करती हैं। महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गयी। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को मुख्यधारा में आना होगा। इस मौके पर डीडीसी कीर्तिश्री जी, जिला कल्याण पदाधिकारी मनीषा वत्स, ट्रैफिक डीएसपी पुनम मिंज, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनंसपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

जेएसएसपीएस से जुड़कर बढ़ रही है आगे 

जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों का पलाश ब्रांड के माध्यम से बाजार में बिक्री हो रही है। इन महिलाओं ने पिछले एक वर्ष में 2.5 करोड़ से ज्यादा की बिक्री की है और अभी जारी है। जिले के पेटरवार प्रखंड कि ग्रामीण महिलाएं लेमन ग्रास की खेती कर रही है, वहीं चंदनकियारी प्रखंड की महिलाएं मशरूम की खेती कर आर्थिक समृद्धि की ओर आगे बढ़ रही है। मौके पर डीपीएलआर सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मेनका कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में आमजनों की सोच में बदलाव आया है। महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित होने वाले सखी वन स्टाप सेंटर के संबंध में बताया। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।

पिंक ऑटो को किया रवाना 

डीसी सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला समाहरणालय परिसर से पिंक ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला कल्याण विभाग की ओर से चयनित तीन महिला लाभुकों को पिंक ऑटो दिया गया। डीसी ने लाभुक को आटो का चाबी दिया। इस दिवस पर महिलाओं में समता अपनाओं की जागरूकता को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। डीसी सहित अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किया। साथ ही, सेल्फी प्वाइंट में तस्वीर खिंचवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *