Chhath Puja 2026 : छठ महापर्व पर डीसी-एसपी ने दक्षिणी पंचायत की महिला मुखिया के आवास पर ग्रहण किया खरना प्रसाद, कर्मियों के घर भी पहुंचे

Chhath Puja 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा व पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जरीडीह प्रखंड की दक्षिणी पंचायत की महिला मुखिया शांति देवी के आवास पर पहुंचकर छठ का खरना प्रसाद ग्रहण किया।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro: लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जरीडीह प्रखंड की दक्षिणी पंचायत की महिला मुखिया शांति देवी के आवास पर पहुंचकर छठ का खरना प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद किया और जिला परिषद की महिला सदस्यों, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, उप मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

महिला नेतृत्व को मिले प्रोत्साहन और सम्मान

उपायुक्त अजय नाथ झा ने महिला जनप्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी क्षमता, प्रतिभा और नेतृत्व कौशल से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। पंचायत व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी महिला जनप्रतिनिधियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

दूसरी महिलाओं के लिए भी बनें प्रेरणा

उपायुक्त ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में महिलाओं की जिम्मेदारी केवल अपने क्षेत्र के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं। शिक्षा, स्वावलंबन, सामाजिक जागरूकता और विकास के कार्यों में अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में उन्हें पहल करनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने भी बढ़ाया हौसला

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने भी सभी महिला जनप्रतिनिधियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कर्मियों व सहयोगियों के घर पहुंचकर ग्रहण किया छठ का प्रसाद

महापर्व के अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक कर्मियों – सहयोगियों के आवास पर पहुंचकर छठ का प्रसाद भी ग्रहण किया। इस क्रम में सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, एसएओ पंकज दुबे समेत अन्य कर्मियों के घर पहुंचकर उन्होंने आत्मीयता के साथ खरना का प्रसाद ग्रहण किया तथा छठव्रतियों एवं उनके परिजनों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *