Bokaro Crime News: साइबर फ्रॉड कर भागा आरोपी बोकारो के सिटी सेंटर में सेक्टर-4 पुलिस के हत्थे चढ़

Bokaro Crime News: बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी बुधवार को सिटी सेंटर में सेक्टर-4 पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी बुधवार को सिटी सेंटर में सेक्टर-4 पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सेक्टर-4 इंस्पेक्टर संजय कुमार ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए साइबर पुलिस के हवाले कर दिया। साइबर डीएसपी पवन कुमार की टीम आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के नारायणपुर स्थित अपने ससुराल में रहकर पिछले कई वर्षों से कथित रूप से साइबर अपराध कर रहा था। इसी दौरान उसने चास थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर ठगी की। आरोपी ने पीड़ित से कहा कि उसका एक पारिवारिक सदस्य अस्पताल में भर्ती है और इलाज के लिए तत्काल नगद राशि जमा करनी है। उसके पास नगद नहीं है, इसलिए वह ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करेगा और बदले में उससे नगद लेगा। साथ ही अधिक रकम देने का लालच भी दिया। पीड़ित आरोपी के झांसे में आ गया। आरोपी ने जैसे ही ऑनलाइन रकम ट्रांसफर की, पीड़ित के बैंक खाते में रकम संबंधी संदेश आया। इसी दौरान आरोपी नगद लेकर वहां से फरार हो गया। पीड़ित ने उसका पीछा किया और सिटी सेंटर तक पहुंच गया। सिटी सेंटर में आरोपी ने कथित तौर पर एक मोबाइल दुकानदार को भी अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। वह दुकानदार के खाते में ऑनलाइन रकम भेजकर बदले में नगद लेने की तैयारी में था। इसी बीच पीड़ित ने शोर मचा दिया। हंगामा होते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन मौके पर गश्त कर रही सेक्टर-4 पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से उसके साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और पूर्व में की गई कथित ठगी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान साइबर ठगी से जुड़े कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *