Bokaro Crime News : पालतू बंदर का इस्तेमाल कर पड़ोसी को किया घायल, बेहोश होने पर जेब से निकाला नगद, प्राथमिकी दर्ज
Bokaro Crime News: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9ए रोड के आवास संख्या 898 में पालतू बंदर से हमला करवाकर पड़ोसी को घायल करने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नगनारायण प्रसाद के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पड़ोसी राजकुमार वर्णवाल को बनाया है आरोपी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9ए रोड स्थित आवास संख्या 898 में पालतू बंदर से हमला करवाकर पड़ोसी को घायल करने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार रात नगनारायण प्रसाद के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पड़ोसी राजकुमार वर्णवाल को आरोपी बनाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाली की सफाई को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार वर्णवाल ने अपने पालतू बंदर से नगनारायण प्रसाद पर हमला करवा दिया। बंदर के काटने से उनके शरीर के कई हिस्सों में चोट आई। हमले में घायल होकर वह बेहोश हो गए। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बेहोशी की स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उनकी जेब से नकद रुपये निकाल लिए और गले से सोने की चेन भी छीन ली। होश में आने के बाद घायल नगनारायण ने पहले इलाज कराया और फिर हरला थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले में तत्काल सीधी गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है, इसलिए आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस साक्ष्यों और जांच के आधार पर नियम संगत कार्रवाई करेगी।
