Bokaro Crime News: रिवॉल्वर तानकर सर्राफा व्यवसायी से ₹1.25 लाख की लूट, पुलिस के लिए चुनौती बने अपराधी
Bokaro Crime News: बोकारो जिले के जैनामोड़ में मंगलवार की रात बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर एक सर्राफा व्यवसायी से 1.25 लाख रुपये लूट लिए। घटना रात करीब 9:30 बजे की है।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro : बोकारो जिले के जैनामोड़ में मंगलवार की रात बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर एक सर्राफा व्यवसायी से 1.25 लाख रुपये लूट लिए। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों की नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार त्रिपाठी पेट्रोल पंप के समीप स्थित मां आभूषण के संचालक रंजीत कुमार बरनवाल रोज की तरह दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। उन्होंने दिनभर की बिक्री के 1.25 लाख रुपये नकद, गल्ले का सामान तथा दुकान के सभी तालों की चाबियां एक बैग में रखी थीं। बताया जाता है कि दुकान से करीब 400 मीटर आगे पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी स्कूटी रोक ली। बदमाशों ने रिवॉल्वर दिखाकर उन्हें धमकाया और बैग छीन लिया। बैग में नकदी के अलावा दुकान की चाबियों का गुच्छा भी रखा था। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेज गति से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से जैनामोड़ के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
