Bokaro News: सीएसआर की बैठक में उपायुक्त ने विकास के लिए सीएसआर सहयोग बढ़ाने का किया आह्वान, आधारभूत सुविधाओं से गांवों के जीवन स्तर में सुधार है लाया जा सकता

Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सीएसआर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, गोमिया प्रखंड के पीवीटीजी (पर्टिकुलरली वल्नरेबल ट्राइबल ग्रुप) गांवों के समग्र विकास के लिए सीएसआर सहयोग बढ़ाने का किया गया आह्वान।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र सहित जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे। मौके पर उपायुक्त ने जिले के समावेशी एवं सतत विकास में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए गोमिया प्रखंड के पीवीटीजी (पर्टिकुलरली वल्नरेबल ट्राइबल ग्रुप) गांवों के समग्र विकास के लिए सीएसआर सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पेयजल, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के माध्यम से इन गांवों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाया जा सकता है।

पीवीटीजी गांवों के विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान

उपायुक्त ने औद्योगिक इकाइयों से कहा किया कि वे सीएसआर योजनाओं के तहत पीवीटीजी समुदायों के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे वंचित वर्गों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीएसआर सहयोग का ह्यूमन-एलिफेंट कॉन्फ्लिक्ट को जिले की प्रमुख चुनौतियों में शामिल बताते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सोलर चालित सुरक्षा उपाय, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम, अर्ली वार्निंग सिस्टम एवं अन्य इनोवेटिव उपायों के लिए उद्योगों से सीएसआर सहयोग प्रदान करने को कहा है। उपायुक्त ने कहा कि इससे जनहानि एवं फसल क्षति को कम करने में सहायता मिलेगी।

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल वितरण पर चर्चा

बैठक में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल वितरण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने उद्योगों से सीएसआर के माध्यम से अधिकाधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा संचालित सीएसआर गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही, वित्तीय वर्ष के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्किल डेवलपमेंट एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने सभी उद्योगों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रभावी एवं रिजल्ट ओरिएंटेड सीएसआर इंटरवेंशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीएसआर संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों तक विकास के लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

समावेशी एवं सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

बैठक का उद्देश्य जिले के समावेशी एवं सतत विकास के लिए सीएसआर संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना तथा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाना था। उपायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों से विकासोन्मुख गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *