Bokaro News: हीट वेव से निपटने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, उपायुक्त ने दिए दिशा-निर्देश

Bokaro News: जिले में बढ़ते तापमान एवं हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: जिले में बढ़ते तापमान एवं हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य हीट वेव के प्रभाव को न्यूनतम करना एवं आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि हीट वेव एक गंभीर आपदा के रूप में उभर सकती है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें।

आमजनों के लिए सावधान रहने की अपील

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि *वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा हल्के एवं ढीले कपड़े* पहनें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। धूप में निकलने की स्थिति में छाता, गमछा या टोपी का प्रयोग अवश्य करें। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई।

जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना 

हीट वेव से संबंधित शिकायतों एवं आपात स्थिति के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित रहेगा। उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आमजन 8986660333, 06542-242409 एवं 06542-241000 नंबरों पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश 

मौके पर सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद को निर्देशित किया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में ओआरएस, जीवनरक्षक दवाएं, पर्याप्त बेड एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी रखने एवं चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया। 

जनजागरूकता अभियान को गति देने के निर्देश 

जिला जनसंपर्क कार्यालय को निर्देश दिया गया कि व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैक्स, बैनर एवं होर्डिंग्स के माध्यम से हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, सोशल मीडिया एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने को कहा।उपायुक्त ने सभी बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, चना-गुड़, सत्तू एवं नींबू पानी जैसी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चास नगर निगम, बीएसएल टाउनशिप एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्रों में भी सभी वार्डों में इसी प्रकार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी तय

जिले के *सभी औद्योगिक इकाइयों एवं कंपनियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कारखाना परिसरों में कार्यरत कर्मियों एवं अधिकारियों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करें। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जनहित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें। 

आंगनबाड़ी एवं संवेदनशील वर्गों पर विशेष ध्यान

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि *सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं के लिए ओआरएस, मध्यान्ह भोजन एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। 

 

पेयजल आपूर्ति एवं चापाकलों की मरम्मत पर जोर

 

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी कार्यरत चापाकलों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट उत्पन्न नहीं हो।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमता

ज अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *