पांच सूत्री मांगों को ले सामाजिक अंकेक्षण स्रोत व्यक्ति संघ ने दिया धरना, प्रदेश अध्यक्ष मासूम ने कहा— कोरोना काल से नहीं हुआ है अंकेक्षकों के मानदेय का भुगतान 

Bokaro: पांच सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को सामाजिक अंकेक्षण स्रोत व्यक्ति संघ बोकारो जिला ने उपायुक्त कार्यालय समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मासूम अंसारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं की ग्राम सभा में अंकेक्षण का काम करने वाले झारखंड के छह हजार अंकेक्षक सरकार की उदासीनता से परेशान हैं। गत दो वर्षों से कोरोना काल से अब तक का मानदेय भुगतान नहीं किया गया है। मानदेय का भुगतान सहित अन्य पांच सूत्री मांगों को लेकर झारखंड के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया है। अगर 15 दिनों के अंदर कोई सकारात्मक पहल नही होती है तो हमलोग 25 नवंबर को झारखंड की राजधानी रांची में धरना-प्रदर्शन करने का काम करेंगे। कार्यक्रम में विशेष तौर पर उपस्थित आम आदमी पार्टी झारखंड के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा संघ की मांगें जायज है। सरकार को तत्काल इनकी समस्या और सभी मांगों को मान लेनी चाहिए। आंदोलन का आप पूरा समर्थन देगी। धरना के बाद पांच सूत्री मांगपत्र उपायुक्त बोकारो को सौंपा गया। मांगों में सामाजिक अंकेक्षण कार्य कर चुके बीआरपी, वीआरपी, बीआरपी एसडी, वीआरपी डब्ल्यूडी एवं सहयोगी दल के पिछले 2 वर्ष का बकाया भुगतान व यात्रा भत्ता का भुगतान जल्द से जल्द करने, सामाजिक अंकेक्षण कार्य एक माह के अंदर शुरू करते हुए सभी तरह के कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, बीआरपी को अंशकालिक की जगह पूर्णकालिक करने, सभी को नियमित कार्य उपलब्ध कराते हुए मानदेय ₹550 प्रतिदिन की जगह ₹800 निर्धारित करते हुए निर्धारित यात्रा भत्ता देने, सामाजिक अंकेक्षण इकाई को स्वतंत्र इकाई के रूप में निबंधित कर सभी स्रोत व्यक्तियों की सुरक्षा, बीमा पॉलिसी एवं उनके लिए नीति बनाने आदि शामिल है। धरना में मुख्य रूप से जिला सचिव राजेश कुमार नायक, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, उप सचिव कुमारी लक्ष्मी बाला, संगठन मंत्री बलराम महतो, जिला मीडिया प्रभारी प्रसनजीत कुमार, बोकारो जिला क्लस्टर 1 प्रखंड उपाध्यक्ष पुष्प देवी, कोषाध्यक्ष शंभू महतो, बोकारो जिला क्लस्टर 2 प्रखंड बेरमो, गोमिया, नावाडीह अध्यक्ष संतोष कुमार, सचिव रेखा कुमारी, उपाध्यक्ष मेघा कुमारी, उपसचिव चिंता देवी, कोषाध्यक्ष रेखा कुमारी, बोकारो जिला क्लस्टर 3 प्रखंड पेटरवार, कसमार, जरीडीह अध्यक्ष मो मुनाजिर हुसैन, सचिव सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष गीता देवी, उपसचिव सावित्री कुमारी, कोषाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा सहित सैकड़ों सामाजिक अंकेक्षण स्रोत व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *