Ranchi JUJ News: झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से की शिष्टाचार भेंट
Ranchi JUJ News: झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से भेंट कर आगामी 31 जनवरी और 1 फरवरी को होने वाले सम्मेलन में बतौर अतिथि शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
न्यूज इंप्रेशन संवाददाता
Ranchi: झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने यूनियन के संयोजक रजत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से उनके आवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को यूनियन की विभिन्न गतिविधियों और पत्रकारों के हितों में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। मुलाकात के दौरान यूनियन द्वारा आगामी 31 जनवरी और 1 फरवरी को आयोजित होने वाले पत्रकार सम्मेलन की रूपरेखा साझा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमती सिंह को इस सम्मेलन में बतौर अतिथि शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। चर्चा के दौरान पत्रकारों ने वर्तमान समय में मीडिया के समक्ष आ रही चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बड़े समाचार चैनलों से लेकर सोशल मीडिया तक भ्रामक और फर्जी सूचनाओं (फेक न्यूज) की बाढ़ आ गई है। इनमें से कई सूचनाओं के पीछे गुप्त राजनीतिक एजेंडा होता है, जिससे धरातल पर निष्पक्षता से काम करने वाले पत्रकारों को न केवल कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, बल्कि उन्हें जनता के अजीबोगरीब सवालों के जवाब भी देने पड़ते हैं। यह स्थिति प्रदेश और राष्ट्रहित के लिए चिंताजनक है। इस अवसर पर मंत्री जी की माता और वरिष्ठ नेत्री प्रतिभा पांडेय भी उपस्थित थीं। उन्होंने सभी पत्रकारों से बेहद आत्मीयता से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि प्रतिभा पांडेय का अपना एक लंबा राजनीतिक जीवन रहा है और वरिष्ठ पत्रकारों के साथ उनका पुराना व गहरा लगाव रहा है। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष जावेद अख्तर, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार जायसवाल, संदीप मिश्रा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
