Bokaro News: प्रेमिका के चक्कर में लड़ रहे दो आशिक के झगडे में आइआरबी जवान की गई थी जान, गुस्से में आशिक ने रात में जवान को मारी गोली  

Bokaro News: बलराम तिवारी ने 27 अक्तूबर की रात साढे आठ बजे के आसपास आवास के समीप जवान अजय यादव को तीन गोली मार दी थी। हत्या करने के बाद हत्यारा बलराम तिवारी (25 वर्ष) अपने दोस्त सूरज कुमार (21 वर्ष) के साथ बिहार फरार हो गया था। 

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: बोकारो के चास थाना क्षेत्र के यदुवंशनगर निवासी आइआरबी जवान अजय यादव (28 वर्ष) की 27 अक्तूबर को आवास के समीप गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। हत्या करने के बाद हत्यारा बलराम तिवारी (25 वर्ष) अपने दोस्त सूरज कुमार (21 वर्ष) के साथ बिहार फरार हो गया था। एसपी हरविंदर सिंह की एसआइटी टीम ने हत्यारे सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी गुरूवार को एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने पत्रकारों को दी। मौके पर चास इंस्पेक्टर सुषमा कुमारी, चीरा चास प्रभारी चंदन दूबे मौजूद थे।

एसआइटी ने बिहार के वैशाली जिला से गिरफ्तार किया 

पूछताछ में पता चला कि छठ घाट पर 27 अक्तूबर को एक प्रेमिका के चक्कर में दो आशिक (बलराम तिवारी व अंकित मंडल) लड़ रहे थे। आइआरबी जवान अजय यादव ने दोनों को झगडा करने से रोका। इसके बाद गुस्साये बलराम तिवारी ने 27 अक्तूबर की रात साढे आठ बजे के आसपास आवास के समीप जवान अजय यादव को तीन गोली मार दी। अस्पताल जाने के क्रम में जवान की मौत हो गयी थी। दोनों अभियुक्तों को एसआइटी ने बिहार के वैशाली जिला स्थित फतेहपुर शाहबाज से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के बाद भेज दिया गया जेल

श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद गुरूवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 7.65 एमएम देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस व एक मोटरसाइकिल (JH15AF-2815) बरामद की गई है। दोनों अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास है। बलराम पर चास व सेक्टर 12 थाना में मामला दर्ज है। जबकि सूरज कुमार पर चास थाना में अपराधिक मामला दर्ज है। सूरज कुमार बिहार के वैशाली जिला के फतेहपुर शाहबाज का रहनेवाला है, जबकि बलराम तिवारी गायघाट तेलीडीह आदर्श कॉलोनी का निवासी है।

चास थाना में पिता ने दर्ज कराया था मामला 

पूछताछ में पता चला कि बलराम तिवारी एक लड़की के संपर्क में था। उससे अंकित मंडल नामक युवक भी बातचीत करता था। जानकारी होने पर बलराम ने 27 अक्टूबर को अंकित मंडल के साथ मारपीट की। अजय यादव ने बीच बचाव किया। इसके बाद बलराम ने अजय यादव की तीन गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अजय चास के यदुवंशनगर का निवासी था। अजय के पिता लक्ष्मी नारायण यादव ने चास थाना में कांड दर्ज कराया।

टीम में ये थे शामिल

एसआइटी में शामिल पुलिस अधिकारी एसआइटी टीम में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, चीरा चास थाना प्रभारी चंदन कुमार दूबे, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन, पुअनि रंजीत प्रसाद यादव, पुअनि धीरज कुमार, पुअनि विक्रम कुमार, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि अनिल यादव, सअनि प्रभात किरण कोकिल, आरक्षी चंदन कुमार मिश्रा, महावीर कुमार, रवि शंकर, विक्रम कुमार, रवींद्र कुमार सिंह, प्रदीप घोषाल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *