Bokaro News: बारिश के खतरों से निपटाने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट, जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण टास्क फोर्स का किया गठन
Bokaro News: बारिश के खतरों से निपटाने के लिए जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण टास्क फोर्स का किया गया गठन, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी होंगे टास्क फोर्स के अध्यक्ष।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: मानसून की शुरुआत हो चुकी है। विगत कई दिनों से लगातार बारिश की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के तहत बेहतर आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण व संभावित खतरों से निपटाने के लिए जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को बनाया गया उपाध्यक्ष
टास्क फोर्स के अध्यक्ष उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी स्वयं होंगे। उपाध्यक्ष पुलिस अधीक्षक को बनाया गया है। साथ ही उप विकास आयुक्त, डीपीएलआर, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, जिला नजारत उपसमाहर्ता व जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को टास्क फोर्स के सदस्य बनाये गए हैं। दोनों अनुमंडल पदाधिकारी अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्रों के लिए विशेष नियंत्री पदाधिकारी होंगे। उसी प्रकार प्रखंड एवं अंचल स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी अपने-अपने प्रखंड एवं अंचल क्षेत्र के लिए आपदा नियंत्रण टास्क फोर्स के प्रभारी पदाधिकारी होंगे।
वरीय पदाधिकारियों को सौंपी गई प्रखंडों की जिम्मेवारी
प्रखंड स्तरीय आपदा नियंत्रण टास्क फोर्स के सतत पर्यवेक्षण एवं नियमित अनुश्रवण करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के आदेशानुसार जिले में पदस्थापित पदाधिकारियों को विभिन्न प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है, जिसमें उप विकास आयुक्त को चास प्रखंड, अपर समाहर्ता को जरीडीह, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को चंद्रपुरा प्रखंड, जिला परिवहन पदाधिकारी को पेटरवार प्रखंड, चास अनुमंडल पदाधिकारी को चंदनकियारी प्रखंड, जिला आपूर्ति पदाधिकारी को बेरमो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को कसमार प्रखंड, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी को गोमिया व बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी (तेनुघाट) को नावाडीह प्रखंड का प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया।
अपर नगर आयुक्त होंगे प्रभारी पदाधिकारी
शहरी क्षेत्रों में नगर निगम चास के अपर नगर आयुक्त प्रभारी पदाधिकारी होंगे। साथ ही नगर परिषद फुसरो क्षेत्र के लिए कार्यपालक पदाधिकारी फुसरो को प्रभारी बनाया गया एवं बीएसएल टाउनशिप के लिए मुख्य प्रबंधक, नगर प्रशासन सेवा, बोकारो इस्पात संयंत्र प्रभारी पदाधिकारी होंगे। टीम आपदा की स्थिति में आमजन को उनकी जान माल से सुरक्षा मुहैया कराएंगे।