International Women’s Day: अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर डीपीएलआर निदेशक मेनका ने कहा–महिलाओं को हक दिलाने के लिए राज्य व केंद्र सरकार चला रही है अनेकों कार्यक्रम
International Women’s Day: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर 2डी स्थित कला केंद्र के सभागार में किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता Bokaro: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर 2डी स्थित कला केंद्र के सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीपीएलआर निदेशक मेनका, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा एवं जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना सेजवलकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महिलाएं अब कई क्षेत्रों में भी बढ़ चढ़कर ले रही है हिस्सा अतिथि के रूप में निदेशक मेनका ने कहा कि महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए राज्य व केंद्र सरकार अनेक कार्यक्रम चला रही हैं। बिना किसी भेदभाव के मातृ शक्ति को उनका हक दिलाने कई अभूतपूर्व निर्णय भी सरकार ने लिए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब तक 50 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है, जिससे घर की चहारदिवारी से बाहर निकाल कर महिलाएं अब कई क्षेत्रों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही है। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व उन्हें आत्मसम्मान से जीने की राह दिखाई है।
महिला शक्ति की है अनेकों कहानियां चास अनुमंडल पदाधिकारी ढांडा ने कहा कि आज के जमाने में महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही है। महिलाओं की सहभागिता से ही आज हम अपने प्रदेश और देश को विकास के रास्ते पर बहुत आगे ले जा सकते हैं। कहा कि महिला शक्ति की अनेकों कहानियां है। एवरेस्ट फतह हो या आईआईटी, आईआईएम में पढ़ाई हो या बड़ी फैक्ट्रियां और कार्यालय संस्थान चलाने की बात हो, महिलाएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है। उन्होंने जिले में विभिन्न क्षेत्रों में आज अच्छा काम करने वाले महिलाओं को आगे लाने, उन्हें प्रोत्साहित करने के साथ कमजोर वर्ग की महिलाओं को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा।
महिलाएं समाज को एक नई दिशा व दशा दिखाने का कर रही हैं काम जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना सेजवलकर ने कहा कि आज कोई भी ऐसा काम नहीं जो आज महिलाएं ना कर पाए, बस करने का जुनून, हौसला बुलंद व इरादा पक्का होना चाहिए तो मुकाम खुद व खुद चलकर सामने आ जाती है। इसका मिसाल है बोकारो जिला। आज बोकारो जिले के कई उच्च पदों पर महिला पदाधिकारी विराजमान हैं। अपनी कड़ी मेहनत व लगन से आज समाज को एक नई दिशा और दशा दिखाने का काम कर रही है।
बेटियों के हाथों की सुंदरता बढ़ाने के लिए चूड़ी नहीं बल्कि कलम दें
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने सभी महिलाओं को एक पेन दिया। साथ ही उन्होंने आहवान किया कि अपने बच्चों को पढ़ाएं, आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं व आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि सशक्तिकरण का मतलब सिर्फ आर्थिक रूप से सक्षम बना होना नहीं बल्कि महिलाएं तब सशक्त होगी, जब घर के हर निर्णय में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने आगे कहा कि बेटियों के हाथों की सुंदरता बढ़ाने के लिए चूड़ी नहीं बल्कि कलम दें ताकि वो अपना हाथ नहीं अपना भविष्य सवार सके।
कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित
डॉ सुमन गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के विकास व कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है, जिनका लाभ दिलाने का प्रयास निरंतर जारी है। साथ ही सावित्री बाईं फुले योजना, मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, सर्वजन पेंशन योजना एवं किशोरी समृद्धि योजना की विस्तार से उन्होंने जानकारी दी। इसके अलावा बेटियों की जन्म की खुशी में महिलाओं को मेडिकल किट दिया।
पत्नी बनकर साथ निभाती, बेटी बन आंगन महकाती भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रभाष दत्ता ने कहा कि महिलाओं के लिए समर्पित एक दिन है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस दुनिया भर में महिलाओं के सम्मान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने महिलाओं के संदर्भ में कहा कि माँ के रूप में जन्म देती, बहन बनकर स्नेह लुटाती। पत्नी बनकर साथ निभाती, बेटी बन आंगन महकाती। इस अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। मौके पर सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी सेविका, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, जेएसएलपीएस की दीदी सहित अन्य उपस्थित थे।