Bokaro Road Accident News: अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से पेटरवार के एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी

Bokaro Road Accident News: एनएच-23 पेटरवार-बोकारो पथ पर थाना क्षेत्र के सदमा कला पंचायत स्थित पूर्व प्रमुख सीमा देवी के आवास के निकट गुरूवार रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक नीतीश कुमार (16 वर्ष) की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro/Petarvar: राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 23 पेटरवार-बोकारो पथ पर थाना क्षेत्र के सदमा कला पंचायत स्थित पूर्व प्रमुख सीमा देवी के आवास के निकट गुरूवार रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक नीतीश कुमार (16 वर्ष) की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पेटरवार में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार ने प्राथमिक उपचार कर दोनों घायलों को रिम्स रांची रेफर कर दिया।

दोनों युवक को लगी है गंभीर चोट
इस घटना में दीपक कुमार (24 वर्ष) पेटरवार और विक्की कुमार (21 वर्ष) लुकैया गांव निवासी के सिर पर गंभीर चोट लगी है। बताया जाता है कि दीपक कुमार और नीतीश कुमार एक बाइक पर सवार होकर अपने साथी विक्की कुमार को लुकैया गांव स्थित उसके घर छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात हाईवा ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके कारण बाइक पर सवार पेटरवार के केवट टोला निवासी उदय साव के पुत्र नीतीश कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। वहीं, दो अन्य युवक गंभीररूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पाकर मृतक युवक की मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।

वाहनों की लगी लंबी कतार
घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 23 बोकारो-रामगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। जिसके कारण सड़क के दोनों ओर छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के चलते आने-जाने वाले लोगों को कड़ाके की ठंड में घोर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे सीओ व थाना प्रभारी
घटना की सूचना पाकर पेटरवार के अंचल अधिकारी अशोक राम, थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, उप प्रमुख प्रतिनिधि संजय गुप्ता घटना स्थल पहुंचे। मृतक के परिवार वालों के साथ मुआवजे को लेकर वार्ता हुई। अंचल अधिकारी ने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत हिट एंड रन में मृतक के आश्रित को 2 लाख रूपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *