Jagannath Rath Yatra 2024: सेक्टर 4 जगन्नाथ मंदिर से निकली रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालु शामिल
Jagannath Rath Yatra 2024: सेक्टर 4 भगवान जगन्नाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ की निकली गई रथ यात्रा, सेक्टर 1 राम मंदिर स्थित मौसी बाड़ी पहुंची भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, 15 जुलाई को रथ यात्रा की वापसी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता।
Bokaro: ओडिशा के पूरी की तर्ज पर बोकारो शहर के जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर 4 से 7 जुलाई यानि रविवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा (Jagannath Rath Yatra) निकाली गयी। इस यात्रा में भक्तों का सैलाब देखा गया। बोकारो वासियों को एक साल तक इस रथ यात्रा का इंतजार रहता है। सुबह 7 बजे भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र व देवी सुभद्रा के विग्रह का श्रृंगार नेत्रदान व आरती के बाद श्रद्धालुओं ने नवयौवन दर्शन किया। मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ की विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह 11 बजे भगवान को मंदिर के गर्भ गृह से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र व देवी सुभद्रा के विग्रह पाहंडी विधि से झूलाते हुए रथ पर विराजमान कराया गया।
छेरा पन्हारा कर रथ यात्रा की शुरुआत
बीएसएल के निदेशक प्रभारी बीके तिवारी ने दोपहर करीब 1 बजे सज-धजकर कर तैयार रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की। सोने के झाड़ू से छेरा पन्हारा कर रथ यात्रा शुरू की। रथ यात्रा दोपहर करीब 2 बजे से शुरू हुई। भक्तों ने भगवान के रथ को रस्सी के सहारे खींचते हुए आगे बढ रहे थे। जय जगन्नाथ, हरे कृष्णा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान हो रहा था। अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए, महिलाओं, पुरुषों और बच्चे बच्चियों ने रथ को खींचा। बोकारो जनरल अस्पताल से लेकर सेक्टर 1 राम मंदिर मंदिर स्थित मौसी बड़ी के बीच रास्ते में जगह-जगह रथ यात्रा का स्वागत किया गया। सड़क के दोनों ओर भगवान के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते देखे गये।
सुरक्षा के किए गए थे पुख्ता इंतजाम
जगन्नाथ मंदिर परिसर से लेकर सेक्टर 1 राम मंदिर मौसी बड़ी तक सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में होमगार्ड, सीआईएसएफ और जिला पुलिस के जवान थाना किए गए थे। सिटी डीएसपी व सेक्टर 4 थाना प्रभारी इसकी मॉनिटिरंग कर रहे थे। भीड़ को देखते हुए वनवे ट्रैफिक की व्यवस्था थी। रथ शाम 5 बजे राम मंदिर स्थित मौसी बड़ी पहुंची। जहां राम मंदिर के पुजारी और उत्कल सेवा समिति के लोगों ने स्वागत किया। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम व देवी सुभद्रा को बारी-बारी से पाहंडी विधि से राम मंदिर परिसर में ले जाकर विराजमान कराया गया, जहां विशेष आरती पूजन किया गया।
15 जुलाई को मौसी बड़ी लौटेंगे भगवान
रथ यात्रा की वापसी 15 जुलाई को होगी। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम व देवी सुभद्रा को उसी रास्ते से सेक्टर 4 जगन्नाथ मंदिर ले आया जाएगा। बताया जाता है कि वर्ष 2001 से रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
प्रखंडों में रथ यात्रा निकाली गई
बोकारो शहर के अलावा, चास, कसमार, बेरमो, पेटरवार में भी रथ यात्रा निकाली गई। कसमार प्रखंड के मंजूरा स्थित सपाहीटांड़ रथ मेला स्थल में गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो सहित अन्य लोगों ने रथ की रस्सी खींचने की परंपरा निभाई। रथ खींचकर भगवान जगन्नाथ को मौसीबाड़ी पहुंचाया।