Bokaro: नमामि गंगे के तहत बोकारो में किया गया गंगा रन का आयोजन, नदियों व जल श्रोतों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश
Bokaro: नमामि गंगे के तहत गंगा समिति की ओर से गंगा रन का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विभिन्न नदियों, जल श्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। एसपी ने कहा—- मानव जीवन में नदियों, जल स्त्रोतों का काफी अधिक है महत्व।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro : नमामि गंगे के तहत गंगा समिति की ओर से गंगा रन का आयोजन शनिवार को किया गया। गंगा उत्सव के माध्यम से विभिन्न नदियों, जल श्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
रन का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने किया। उत्सव में चास अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर नगर आयुक्त सौरव कुमार भुवानिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
गंगा रन की शुरूआत बोकारो हवाई अड्डा से गुब्बारा उडाकर किया गया। इस उत्सव में जिला व पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी सहित आमजनों ने हिस्सा लिया। रन हवाई अड्डा से शुरू होकर बोकारो परिसदन, तिरंगा व पर्यावरण चौक होते हुए गरगा नदी पहुंचा।
नदियां स्वच्छ हैं, हमारा जीवन भी है सुरक्षित
एसपी ने कहा कि मानव जीवन में विभिन्न नदियों, जल स्त्रोतों का काफी अधिक महत्व है। अगर ये नदियां व जल स्त्रोत स्वच्छ व सुरक्षित हैं, तभी हमारा जीवन भी सुरक्षित है। आमजनों में नदियों व जल स्त्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जन जागरूकता के मकसद से इस रन का आयोजन किया गया है। एसडीओ ने कहा कि हमेशा से हमारा जीवन इन नदियों व जल श्रोतों पर निर्भर रहा है। हम सब अपना थोड़ा-थोड़ा सहयोग करें तो नदियों व जल श्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प पूरा होगा।
गरगा नदी घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान
इससे पूर्व जिले के पदाधिकारियों, आम जनों व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा चास स्थित गरगा नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगा रन में एसी मेनका, डीटीओ वंदना सेजवलकर, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता, नमामि गंगे के नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे, परियोजना पदाधिकारी मणिकांत, नेहरू युवा केंद्र के गौरव कुमार, सिविल डिफेंस के डॉ एसपी वर्मा सहित डालमिया सिमेंट के प्रतिनिधि व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लिए।