Bokaro: बोकारो जिले के चार विधानसभा में वोटरों की संख्या 14 लाख 36 हजार, मतदाता सूची के प्रारुप का प्रकाशन 27 अक्टूबर को
Bokaro: आयोग के अनुसार मतदाता सूची के प्रारुप का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया जाएगा। दावे व आपत्ति दाखिल करने की तिथि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक, दावे व आपत्ति का निराकरण 26 दिसंबर तक तय है। वहीं, मतदाता सूची के प्रारूप का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान 28 व 29 अक्टूबर और 4 व 5 नवम्बर को चलाया जाएगा।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। आयोग के अनुसार एकीकृत मतदाता सूची के प्रारुप का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया जाएगा। दावे और आपत्ति दाखिल करने की तिथि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक, दावे व आपत्ति का निराकरण 26 दिसंबर तक निर्धारित है। वहीं, मतदाता सूची के प्रारूप का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान 28 व 29 अक्टूबर और 4 व 5 नवम्बर को चलाया जाएगा।
उपायुक्त गुरूवार को जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो रहा है। इस मौके पर ईआरओ बोकारो सह चास एएसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, ईआरओ बेरमो सह बेरमो एसडीओ शैलेश कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। आयोग ने अर्हत्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया है।
चार विधानसभा में 14 लाख 36 हजार वोटर्स
डीसी ने बताया कि जिले के चार विधानसभा गोमिया, बेरमो, बोकारो व चंदनकियारी की जनसंख्या 22 लाख 60 हजार 778 है। इसमें मतदाताओं की संख्या 14 लाख 36 हजार 389 है। मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य पूरे वर्ष चलता है। 6 जनवरी 2023 से 26 अक्टूबर 2023 तक 30 हजार 288 मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ा गया है। वहीं, 6 हजार 886 मतदाताओं का नाम विलोपित किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं को विशेष अभियान तिथि 28-29 अक्टूबर 2023 और 25-26 नवम्बर 2023 को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची देख कर अपने नाम व फोटो की जांच करने का अपील की है। इस मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक पार्टी प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सभी पार्टियों को अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बनाने व उसकी सूची निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की किसी भी प्रकार की जानकारी टोल फ्री नंबर 1950 डायल कर प्राप्त कर सकते हैं। बैठक झारखंड मुक्ति मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) माकपा व राष्ट्रीय जनता दल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
निर्वाचन कार्यों की प्रगति का किया समीक्षा
उपायुक्त ने संचालित विभिन्न निर्वाचण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ने विधानसभावार फार्म छह, सात एवं आठ के तहत प्राप्त आवेदन व निष्पादन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, ब्लैक एंड वाइट ईपीक के बदले कलर ईपीक जारी करने, मतदाताओं का आधार नंबर सीडिंग करने एवं हाउस टू हाउस सर्वे के दौरान मृत एवं स्थायी रूप से अन्यत्र चले गये मतदाताओं का नाम सूची से हटाने को लेकर अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।