Bokaro: बोकारो थर्मल ताप विद्युत केन्द्र में कार्यरत सप्लाई मजदूर की कार्य अवधि के दौरान मौत, मृतक के परिजन को नियोजित करने पर बनी सहमति
Bokaro जिले के बेरमो स्थित डीवीसी के बोकारो ताप विद्युत केन्द्र में कार्यरत सप्लाई मजदूर की कार्य अवधि के दौरान गिरने से हुई मौत। मृतक के परिजन को नियोजित करने की मांग को लेकर स्थानीय प्रबंधन और मजदूर यूनियन के बीच हुई वार्ता। मृतक के परिजन को नियोजित करने पर बनी सहमति।
न्यूज इंप्रेशन संवाददाता
Bokaro: बोकारो जिले के बेरमो स्थित डीवीसी के बोकारो ताप विद्युत केन्द्र में मेसर्स केसी कंस्ट्रक्शन के माध्यम से नियोजित प्रतिष्ठान के अंदर असैनिक विभाग में कार्यरत सप्लाई मजदूर राम नरेश सिंह की कार्य अवधि के दौरान गिरने से हुई मृत्यु के एवज में, मृतक के परिजन को सप्लाई मजदूर के रूप में नियोजित करने की मांग को लेकर स्थानीय प्रबंधन और सप्लाई मजदूरों के यूनियन प्रतिनिधियों की तकनीकी भवन के सभागार में हुई संयुक्त वार्ता में मृतक के परिजन को ससुविधा सप्लाई मजदूर के रूप में नियोजित करने पर सहमति बनी। वार्ता में सभी युनियन का प्रतिनिधित्व करते हुए डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री सह भाजपा जिलाध्यक्ष भरत यादव ने स्थानीय प्रबंधन से मांग किया कि सप्लाई मजदूरों के लिए 26 मार्च 2019 को संपन्न त्रिपक्षीय समझौता के कंडिका 9 के अनुसार कार्य अवधि में कार्यस्थल पर मृत सप्लाई मजदूरों के परिजन को उनके स्थान पर ससुविधा अकुशल श्रेणी में नियोजित करने का प्रावधान है, जिसके आधार पर डीवीसी के बोकारो थर्मल एवं चंद्रपुरा प्रतिष्ठान में कार्यरत अनेक मृत सप्लाई मजदूरों के परिजन को नियोजित किया गया है। इसलिए उक्त समझौता के अनुसार मृतक के परिजन को नियोजित करने के लिए स्थानीय प्रबंधन के द्वारा मुख्यालय से ई मेल भेज कर अविलंब अपेक्षित अनुमोदन प्राप्त किया जाय तत्पश्चात मृतक का अंतिम संस्कार के किया जायेगा।
डीवीसी मुख्यालय से मिला अनुमोदन
उक्त मांग के आलोक में उप महाप्रबंधक बीजी होल्कर के द्वारा लिखित प्रस्ताव को मुख्य महाप्रबंधक एनके चौधरी ने सकारात्मक अनुसंशा के साथ अपेक्षित आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने हेतु डीवीसी के कार्यपालक निदेशक (मा.स.) राकेश रंजन को ई मेल के द्वारा भेजा गया। कार्यपालक निदेशक राकेश रंजन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय प्रबंधन के प्रस्ताव पर सहमति जताई और मृतक के परिजन को ससुविधा सप्लाई मजदूर के रूप में नियोजित करने हेतु ई मेल के माध्यम से अनुमोदन प्रदान किया।
अंतिम संस्कार के लिए तत्काल मिला दस हजार
स्थानीय प्रबंधन ने मृतक का अंतिम संस्कार के लिए तत्काल दस हजार रुपए मृतक के परिजन को उपलब्ध कराया और आश्वस्त किया कि, मृतक का नियमानुसार ग्रेच्युटी,बीमा, ईडीएलआई एवं कर्मचारी भविष्य निधि की राशि का भुगतान के लिए यथाशीघ्र अग्रेत्तर कारवाई किया जायेगा तथा मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ नियोजन हेतु नोमनी का आवेदन प्राप्त होने के उपरांत मृतक के परिजन को तत्काल नियोजित कर लिया जाएगा। इसके बाद स्थानीय पुलिस के द्वारा मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु ले जाया गया।
वार्ता में ये थे उपस्थित
वार्ता में सहायक प्रबंधक रोहित कुमार और युनियन प्रतिनिधियों में ब्रजकिशोर सिंह, नवीन पाठक, संजय मिश्रा, बच्चा सिंह, रघुवर सिंह, नागेश्वर महतो, सरयु ठाकुर, बलवंत सिंह, तरूण गुप्ता, हरपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।