Great achievement : बोकारो के बांसुरी वादक पं चेतन जोशी को मिला संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड
*राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
Bokaro: सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक पं चेतन जोशी को गुरुवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगीत नाटक अकादमी अवार्ड प्रदान किया। शास्त्रीय संगीत (बांसुरी वादन) के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इन्हें वर्ष 2019 के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया है।
बोकारो में शिक्षा ग्रहण करने के बाद यही कई वर्षों तक संगीत शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके व वर्तमान में दिल्ली में रहकर संगीत की सेवा कर रहे पं जोशी झारखंड से पहले संगीत साधक हैं, जिन्हें झारखंड राज्य के गठन के पश्चात शास्त्रीय संगीत के लिए संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड प्रदान किया गया है। चास, बोकारो में स्कूली व कॉलेज सहित संगीत की शिक्षा ग्रहण करने के बाद वर्ष 1987 में जीजीपीएस, बोकारो में संगीत शिक्षक के रूप में अपने कैरियर की शुरुआत की। उसके बाद वर्ष 1988 से 2012 तक इन्होंने डीपीएस, बोकारो में संगीत शिक्षक के रूप में सेवा दी। इस दौरान देश के विभिन्न संगीत समारोहों में इन्होंने अपनी प्रस्तुति दी और बांसुरी वादन के क्षेत्र में प्रसिद्धि व प्रतिष्ठा हासिल की। इन्हें झारखंड सरकार के साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
जापान व दक्षिण कोरिया में किया शास्त्रीय संगीत का प्रसार :
2012 से ग्रेटर नोएडा में रह कर भारतीय शास्त्रीय संगीत व बांसुरी वादन के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने जापान व दक्षिण कोरिया में बांसुरी वादन के जरिए भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रसार किया। पं चेतन जोशी को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजे जाने पर बोकारो में हर्ष का माहौल है। संस्कार भारती, बोकारो जिला के अध्यक्ष अमरजी सिन्हा, मंत्री स्वरूप शेखर पांडेय, संगीत प्रमुख संजीव मजूमदार, साहित्य व मीडिया प्रमुख अरुण पाठक, भारतीय संगीत कला अकादमी, बोकारो के अध्यक्ष पं राणा झा, सचिव डॉ राकेश रंजन सहित पं बच्च़न जी महाराज, निमेष राठौर, भास्कर रंजन डे, विक्की आनंद पाठक, राकेश सिंह, बलराम मजूमदार, शिवेन चक्रवर्ती, रंजना राय, अर्चना कुमारी, अर्चना चौधरी, अरुप रक्षित, प्रसेनजीत शर्मा, करिश्मा प्रसाद, झूमा चक्रवर्ती, रुपक झा सहित अन्य ने पं जोशी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।