Bokaro News: माराफारी थाना क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का बड़ा खुलासा, छापेमारी में 27 खाली सिलेंडर व उपकरण जब्त, प्राथमिकी दर्ज

Bokaro News: मंगलवार की शाम माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाँसगोड़ा स्थित एक दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।

 

 न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: मंगलवार की शाम प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाँसगोड़ा स्थित एक दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।इस कार्रवाई को अवैध गैस आपूर्ति के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो एवं माराफारी थाना प्रभारी मो० आजाद खान के नेतृत्व में संदिग्ध दुकान (राजेश स्टोर) में छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान के अंदरूनी कक्ष में छुपाकर रखे गए कुल 8 एचपी गैस सिलेंडर तथा 19 इंडेन गैस सिलेंडर (खाली) बरामद किए गए। सिलेंडरों को इस प्रकार छुपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच में उनका पता लगाना मुश्किल हो सके।

 

अवैध रिफिलिंग की आशंका, उपकरण भी बरामद

 

छापेमारी के दौरान केवल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि गैस से संबंधित कई उपकरण भी बरामद किए गए। इनमें गैस भरने का पाइप, लोहे के औजार तथा अन्य सामग्री शामिल हैं। इन उपकरणों की बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से गैस रिफिलिंग या भंडारण का कार्य किया जा रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत खतरनाक है।

 

सामग्री जब्त, प्राथमिकी दर्ज

मौके से बरामद सभी सिलेंडर एवं उपकरणों को डीएसओ द्वारा विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

अवैध गैस कारोबार पर सख्ती जारी*

 

डीएसओ ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस भंडारण, रिफिलिंग एवं आपूर्ति के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *