Bokaro News: चास नगर निगम चुनाव में अब्दुल वाहिद खान ने किया बड़ा सियासी ऐलान, डॉ विकास पांडेय को दिया खुला समर्थन

Bokaro News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष सह चास नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल वाहिद खान ने मंजूर अंसारी पर लगाया धोखेबाजी का आरोप, कहा—चास के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं डॉ विकास पांडेय।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष सह चास नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल वाहिद खान ने सोमवार को चास स्थित अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में चास नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह चास नगर निगम चुनाव में डॉ विकास कुमार पांडेय का समर्थन करते हैं और अपने सभी समर्थकों से भी उनके पक्ष में मतदान की अपील करते हैं। अब्दुल वाहिद खान ने चुनाव नहीं लड़ने के कारणों पर खुलकर अपनी बात रखते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें भरोसे में लेकर चुनाव नहीं लड़ने को कहा था और आश्वासन दिया था कि वे स्वयं चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसी भरोसे के चलते उन्होंने चुनाव की कोई तैयारी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें अंधेरे में रखकर धोखा दिया। उनके साथ लगातार बैठकों और दौरों में शामिल होते रहे, लेकिन ऐन वक्त पर यह कह दिया कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसे में एक दिन में चुनाव की तैयारी कैसे संभव है? 

मुस्लिम समुदाय के साथ धोखा 

अब्दुल वाहिद खान ने कहा कि यह मेरे साथ ही नहीं, बल्कि आम आवाम और खासकर मुस्लिम समुदाय के साथ भी धोखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने उनके लेटरहेड का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो से लेकर केंद्रीय स्तर तक पत्राचार कराया और बाद में पीछे हट गए। इसे उन्होंने खुली धोखेबाजी करार दिया। कहा कि उनके अनुसार डॉ विकास कुमार पांडेय के अलावा कोई भी बेहतर उम्मीदवार नहीं है। उन्होंने डॉ पांडेय को एक समर्पित समाजसेवी बताते हुए कहा कि वे हमेशा समाज के हर वर्ग के साथ खड़े रहते हैं और चास के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही उम्मीदवार को चुनाव जिताना चाहिए, जो वास्तव में चास के लिए बेहतर हो। डॉ विकास कुमार पांडेय पूरी तरह फिट और योग्य उम्मीदवार हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *