Bokaro News: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ पर उपायुक्त ने कहा—बोकारो जिले को सुरक्षित – संवेदनशील- जिम्मेदार जिला बनाने के लिए लें संकल्प
Bokaro News: भारत सरकार के निर्देशानुसार तथा झारखण्ड सरकार के मार्ग दर्शन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार तथा झारखण्ड सरकार के मार्ग दर्शन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। जिसका विधिवत शुभारंभ गुरूवार को किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने बोकारो स्टील सिटी के नया मोड़ से हरी झंडी दिखाकर तीन सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, मानवीय जिम्मेदारी
उपायुक्त ने कहा कि बोकारो जिले को सुरक्षित, संवेदनशील एवं जिम्मेदार जिला बनाने के लिए सभी को संकल्प लेने को कहा। सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। हमारी थोड़ी-सी सावधानी किसी दूसरे व्यक्ति को सुरक्षित घर पहुंचाने में सहायक बन सकती है।
अनियंत्रित गति सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क अनियंत्रित गति के लिए नहीं है। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक है। हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन सभी के लिए अनिवार्य है।
हर नागरिक बने सड़क सुरक्षा जागरूकता का दूत
उपायुक्त ने जिले के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की है कि वे इस एक माह में कम से कम 10 लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग इसमें सहभागी नहीं बनेगा, तब तक सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी संभव नहीं है।
सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को दें गति
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा से संबंधित सेल्फी एवं फोटो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करें तथा #BokaroSeJohar एवं #RoadSafetyBokaro हैशटैग का उपयोग कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें।
नव वर्ष 2026 की दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को नव वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरा बोकारो खुशहाल रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से सुरक्षित, संयमित एवं आनंदपूर्वक नव वर्ष मनाने की अपील की।
प्रशिक्षु आइएएस पदाधिकारी भी रहे उपस्थित
सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर बोकारो परिभ्रमण पर पहुंचे 10 प्रशिक्षु आइएएस पदाधिकारी शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, सिद्धार्थ सिंह, आकाश गर्ग, पेलना वांगचुक, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार, सोनम नोरबू सहित जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज, ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर, जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, जिला खेल पदाधिकारी श्रीमती हेमलता बुन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य आदि उपस्थित थे। सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
जनवरी 2026 को “जीरो फेटेलिटी मंथ” के रूप में मनाने का संकल्प
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 को “जीरो फेटेलिटी मंथ” के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं गंभीर चोटों को शून्य के करीब लाना है। कहा कि, *राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह* के अंतर्गत बोकारो जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिसमें सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली एवं जन-संवाद कार्यक्रम, वाहन चालकों एवं परिवहन कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट उपयोग पर विशेष प्रवर्तन अभियान, स्कूलों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं एवं शपथ कार्यक्रम, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई, व्यावसायिक वाहन चालकों की काउंसलिंग एवं प्रशिक्षण, “गुड समैरिटन पॉलिसी” एवं सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार का प्रचार-प्रसार आदि शामिल है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह – 2026 का समापन 31 जनवरी 2026 को जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जागरूकता सेमिनार के साथ किया जाएगा।
