Bokaro Treasury News: बोकारो ट्रेजरी मामले की जांच के लिए जांच टीम पहुंची, दस्तावेजों का किया अध्ययन, जांच टीम साथ ले गई दस्तावेज 

Bokaro Treasury News: राज्य सरकार के निर्देश पर जांच टीम बोकारो पहुंची, टीम का नेतृत्व त्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल ने किया, जांच टीम दस्तावेजों के अध्ययन के लिए ले गई साथ।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित जांच टीम शुक्रवार को बोकारो परिसदन पहुंची। टीम का नेतृत्व उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल कर रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में प्रधान सचिव की अध्यक्षता में जांच टीम बोकारो पहुंची और जांच के क्रम में टीम ने जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे थे। जिन्हें जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा उपलब्ध करा दिया गया। प्रधान सचिव ने कहा कि सुबह से ही टीम संबंधित दस्तावेजों का गहन अध्ययन कर रही है। जिन बिंदुओं पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है, तथा कई पूरक जानकारी मांगी गई है, जिसे शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

ट्रेजरी कोड व वित्तीय नियमों के आधार पर हो रही जांच

प्रधान सचिव झारखण्ड ट्रेजरी कोड, पुलिस मैनुअल, झारखंड फाइनेंस रूल एवं वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को मानक मानकर जांच कर रही है। जाँच समिति द्वारा हजारों पन्नों की प्रमाणित प्रतियां जांच टीम अपने साथ रांची ले ले गई, जहां इनका विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जांच टीम पुनः बोकारो का दौरा करेगी।

एसपी कार्यालय और ट्रेजरी का किया निरीक्षण

जांच टीम का नेतृत्व कर रहे प्रधान सचिव ने टीम के साथ कैंप टू स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष एवं सामान्य शाखा आदि का जायजा लिया। वहीं, टीम ने बोकारो ट्रेजरी का भी निरीक्षण किया तथा विपत्र प्राप्ति समेत विभिन्न कमरों का अवलोकन किया।

कई महत्वपूर्ण दस्तावेज साथ ले गई टीम

टीम जांच हेतु स्वीकृत एवं कार्यरत बल का विवरण, बजट एवं आवंटन संचिका, जिला बल पंजी, मास्टर रोल पंजी, वेतन ज्ञापन, विपत्र पंजी, स्थापना मद से संबंधित अभिलेख, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा लिपिकों का विवरण, अस्थायी पहचान संख्या (टेम्परेरी आईडी) से संबंधित दस्तावेज, भुगतान एवं बैंक खाता विवरण, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं सामान्य भविष्य निधि से संबंधित अभिलेख, नव नियुक्त एवं विरमित कर्मियों का विवरण, कर्मचारी मास्टर डाटा से संबंधित बैंक खातों की सूची, उच्च वेतन खातों का लेन-देन विवरण तथा विपत्रवार विवरण अपने साथ ले गई।

बैठक – निरीक्षण में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक एवं निरीक्षण क्रम में राज्य स्तरीय जांच टीम से उप महालेखाकार भार्गव राम ख्याति, उप सचिव वित्त विभाग ज्योति कुमारी झा, अवर सचिव वित्त विभाग कपिल देव पंडित, वरीय निदेशक आईटी ओमरेश प्रसाद सिन्हा, सहायक निदेशक एनआइसी रांची गौरव कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी खिरोद सिंह मुंडा के अलावा बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, राज्य कर सहायक आयुक्त विकास कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अनिमेश गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन, कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद्र उरांव, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे, शाखा प्रबंधक गौरव कुमार, सर्जेंट मेजर प्रणव कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *