चाकूबाजी में एक महिला की मौत, दो बेटे गंभीर रूप से घायल, दोनों घायलों को रिम्स किया गया रेफर, आरोपी फरार
Bokaro: बोकारो के चास थाना क्षेत्र के हाजी नगर मोहल्ला में बुधवार को हुई चाकूबाजी की घटना में एक महिला की मौत हो गई। वहीं महिला के दो बेटे को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना घटी। एक महिला नजमा उर्फ लैला और उनके दो पुत्र इम्तियाज आलम (25) और मुमताज आलम (23) के साथ किसी बात को लेकर गुड्डू नाम के युवक के साथ कहासुनी हुई। इसी दौरान गुड्डू ने चाकू निकालकर महिला पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वही, खड़े महिला के छोटे पुत्र मुमजाज ने बीच बचाव किया तो उसे भी घायल कर दिया गया। उसके बाद बड़े पुत्र इम्तियाज को भी चाकू से बुरी तरह से घायल कर दिया गया। घायल होकर दोनो जमीन पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गुड्डू चाकू चला रहा था और जाकिर पकड़े हुए था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों में से दो को बोकारो सदर अस्पताल ले गए। वही महिला को केएम मेमोरियल अस्पताल, चास ले जाया गया, जहां चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि इम्तियाज और मुमताज के शरीर के कई हिस्सों में चाकू लगा है। दोनो की गंभीर स्थिति को देखते हुए करीब ढाई बजे रिम्स, रांची के लिए रेफर कर दिया गया। चास थाना प्रभारी मोहमद रुस्तम का कहना है कि आपसी विवाद के कारण घटना हुई है। इस मामले की जांच की जा रही है। दोनो आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह जगह तलाशी की जा रही है। दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से आसपास के लोगो में दहशत हैं।