घर के अंदर फंदे से लटकी मिली महिला
Bokaro: बालीडीह पुलिस ने सोमवार को कुर्मीडीह में घर के अंदर फंदे से लटके 26 वर्षीय महिला ज्योति कुमारी का शव बरामद किया है। 2020 में कुर्मीडीह निवासी अवधेश कुमार से उसकी शादी हुई थी दांपत्य जीवन से 1 वर्ष की बेटी है। सोमवार भोर तीन बजे बच्ची भूख से रो रही थी, तो पति की नींद खुली। नींद खुलते ही उसने पत्नी को फंदे से लटका हुआ देखा। जब तक उसे नीचे उतारा गया, तब तक उसकी सांस टूट चुकी थी। तत्काल घटना की सूचना बालीडीह पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संदेहास्पद मौत का जांच-पड़ताल शुरू किया है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को भी दे दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला के मायके में किसी की शादी होने वाली है। वह उस शादी में जाने की जिद की हुई थी। इस बात पर पति पत्नी के बीच हल्की नोकझोंक हुई थी। रविवार रात खाना पीना खाने के बाद पति-पत्नी बच्ची के साथ एक ही कमरे में सोए हुए थे। इस बीच महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। बालीडीह इंस्पेक्टर रामप्रवेश कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। परंतु पुलिस फर्द बयान के आधार पर संदेहास्पद मौत की संभावित हर बिंदु पर जांच करेगी।