Ranchi Ulgulan Nyay Rally: इंडिया गठबंधन की उलगुलान न्याय महारैली में विपक्षी नेताओं का जुटान, नेताओं ने कहा–बीजेपी देश के लोगों से कह रही है 400 सीट दे दो संविधान है बदलना
Ranchi Ulgulan Nyay Rally: दिल्ली के बाद इंडिया गठबंधन का महाजुटान 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में हुई। रैली के माध्यम से गठबंधन के नेताओं का जुटान, नेताओं ने जमकर भाजपा सरकार पर प्रहार किया, 400 सीट दे दो संविधान बदलना है।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Ranchi: दिल्ली के बाद इंडिया गठबंधन का महाजुटान 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में हुई। Ulgulan Nyay Rally के माध्यम से गठबंधन के नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमेशा मोदी जी कहते हैं कि मैंने आदिवासी को इस देश का राष्ट्रपति बनाया, मैंने शिड्यूल कास्ट के व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाया। मोदी को आड़े हांथो लेते हुए उन्होंने कहा कि तुमने वोट के लिए उन्हें राष्ट्रपति बनाया। उनके कल्याण या स्वाभिमान के लिए नहीं। उनके स्वाभिमान को आपने ठेस पहुंचायी है। मोदी गरीबों का वोट छीन लेना चाहते हैं। वह बार-बार कहते हैं कि अबकी बार 400 पार। हमारी संसद में 543 सीटें हैं। मोदी जी कहते हैं- 400 पार। गनीमत है कि उन्होंने अब तक नहीं कहा 600 पार। खरगे ने कहा कि हेमंत सोरेन को जेल में डालने से हम डरने वाले नहीं हैं। केजरीवाल को जेल में डालने से हम डरने वाले नहीं हैं। हम जनता से डरते हैं। तुम्हारे जैसे लीडरों से नहीं डरते। ऐसे 100 लीडर आते हैं, जाते हैं। लेकिन, जनता हमारी रक्षक है। देश की रक्षक है। देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षक है। इसलिए जनता सबसे बड़ी होती है। मल्लिकार्जुन खरगे ने सालाना 2 करोड़ लोगों को नौकरी देने, किसानों की आय दोगुनी करने, हर किसी के खाते में 15 लाख रुपए डालने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मोदी को झूठों का सरदार बताया। कहा कि ये लोग झूठ बोलकर वोट लेते हैं और बाद में जनता को तबाह कर देते हैं। खडगे ने कहा कि आदिवासियों को डराने की कोशिश करेंगे, तो आप खुद खत्म हो जाएंगे। आप आदिवासियों को खत्म नहीं कर पाएंगे। खरगे ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस देश में जम्हूरियत रहे। अगर संविधान चला गया, तो कुछ बचने वाला नहीं है।
भाजपा ने पांच हजार स्कूल बंद कर किएः चंपाई
मंच से झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि भाजपा की सरकार ने 5,000 स्कूल बंद किए, लेकिन हमारी सरकार ने स्मार्ट स्कूल खोलने शुरू कर दिए। भाजपा झारखंड के आदिवासियों, दलितों, मूलवासियों और पिछड़ा वर्ग के बच्चों को अशिक्षित रखना चाहती थी, लेकिन हेमंत सोरेन ने मॉडल स्कूल खोलना शुरू किया, तो भाजपा परेशान हो उठी। भाजपा ने लंबे समय तक झारखंड पर शासन किया। कभी उसने आदिवासी, दलित, गरीब, पिछड़ा, मूलवासी की बात नहीं की। 2022 तक सभी लोगों को पक्का आवास देने की बात भाजपा ने कही थी। झारखंड को पीएम आवास नहीं मिला, तो हेमंत सोरेन ने अबुआ आवास योजना की शुरुआत कर दी। 30 लाख परिवारों को हम अबुआ आवास देने जा रहे हैं। सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को अपनी पार्टी का एजेंट बना लिया है। उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सोरेन को जिस जमीन की वजह से गिरफ्तार किया गया है, वह भूईंहरी जमीन है। उसे कोई खरीद नहीं सकता। यहां के आदिवासियों-मूलवासियों के अस्तित्व को मिटाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
विपक्ष मुक्त लोकतंत्र की साजिश को नाकाम करेंगे :दीपांकर
भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि विपक्ष मुक्त लोकतंत्र की साजिश को हम नाकाम करेंगे। देश का सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी व महंगाई है। लेकिन, दोनों मसलों पर कोई बात नहीं होती। झारखंड औद्योगिक स्टेट है, लेकिन एचइसी जैसा उद्योग यहां दम तोड़ रहा है, औद्योगिक मजदूर परेशान हैं। निजीकरण की मार हर सरकारी उद्योग झेल रहा है। सेना को बर्बाद करने की कोशिश हो रही है। पक्की नौकरी से लोगों को वंचित किया जा रहा है। इस बार का चुनाव रोजगार का अधिकार हासिल करने का चुनाव है। संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान को खत्म करने की तैयारी है। बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए बाबा साहब के विचार, भगत सिंह के विचार हमारे बीच में है। इंडिया गठबंधन इन्हीं विचारों को आगे बढ़ाएगा।
ये संविधान बदलेंगे तो आरक्षण खत्म करेंगे : संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब वे वोट देने के जाएं तो हेमंत सोरेन का चेहरा याद कर लें। हेमंत सोरेन व अरविंद केजरीवाल को जेल में रखा गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल में दवा नहीं दी जा रही है। यहां उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल बैठी है। कल्पना सोरेन भी यहां मौजूद है। इन सारी बातों को याद करके वोट देने जाना। संजय सिंह ने आगे कहा कि पूरे भारत में बाबा साहेब का संविधान चलता है। लेकिन भाजपा चाहती है कि दलितों का आरक्षण खत्म करके नरेंद्र मोदी जी का संविधान को लागू करना। ऐसे में क्या आप सभी लोकतंत्र को बचाने के लिए तैयार हो? बीजेपी देश के लोगों से कह रही है कि 400 सीट दे दो संविधान बदलना है। याद रखना ये संविधान बदलेंगे तो आरक्षण खत्म करेंगे। उन्होंने आरएसएस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आरएसएस ने कहा था आरक्षण खत्म होना चाहिए। लेकिन जबतक हम लोग जिंदा है तब तक ये नहीं होने देंगे। संजय सिंह ने हेमंत सोरेन को याद कर कहा कि हमारे पूर्व सीएम ने स्कूल बनाया, बुजुर्गों को पेंशन दिया लेकिन आज उन्हें ही जेल में डाल दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि हम दिल्ली के लोग खुशकिस्मत हैं कि हमें झारखंड से ऑक्सीजन मिला। मोदी जी अगर इतनी गारंटी दे रहे हैं तो झूठ बोलने की भी गारंटी उनकी है।
हेमंत सोरेन के साथ नाइंसाफी हुई है : तेजस्वी
राष्ट्रीय जनता दल के नेता सह बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हेमंत सोरेन के साथ नाइंसाफी हुई है। इस उलगुलान न्याय महारैली का संदेश साफ है-भाजपा हटाओ देश बचाओ, भाजपा हटाओ देश का लोकतंत्र बचाओ। झारखंड की जनता हेमंत सोरेन के साथ हुई नाइंसाफी का भाजपा से बदला लेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ गलत हो रहा है। उसके खिलाफ इस रैली का आयोजन किया गया है। इंडिया गठबंधन के सभी दल मजबूती के साथ हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह बता रहा है कि झारखंड ने मूड बना लिया है। भाजपा को भगाओ, देश का लोकतंत्र बचाओ। भाजपा को भगाओ, गंगा जमुनी तहजीब को बचाओ। हमें पूरा भरोसा है कि देश में चल रही तानाशाही को उखाड़ फेंकेंगे। दो कुर्सियां हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल के लिए खाली हैं। आप जनता हैं। आपको न्याय दिलाना है। दिल्ली और झारखंड में अच्छा काम हो रहा था।
हम भारत के मुसलमान हैंः फारूक अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री सह नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह मुसलमान हैं। लेकिन, वह चीनी या पाकिस्तानी मुसलमान नहीं हैं। वह हिंदुस्तानी मुसलमान हैं। भारत के मुसलमान हैं। भारत में अलग-अलग प्रांतों में अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोग रहते हैं। यही हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है। हम सबको एक उम्मीद ने जोड़ रखा है कि अगर हमें आगे बढ़ना है, भारत को आगे बढ़ना है, तो हम सबको मिलकर रहना होगा। उन्होंने कहा कि राम पूरे विश्व का राम है, हरेक का राम है।
शेर को गिरफ्तार किया है, दहाड़ को नहीं : अखिलेश
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और यूपी पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि यहां के ऐलान हो रहा है कि जो लोग 2014 में आए थे, वे 2024 में यहां से हटाए जाएंगे। भाजपा लगातार नारा लगा रही है कि इस बार 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। ये घबराए हुए लोग हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने शेर को गिरफ्तार किया है, लेकिन दहाड़ को नहीं। इनके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। किसानों से कहा था कि सत्ता में आएंगे, तो किसानों की आय दोगुनी कर देंगे।
रैली नहीं, संविधान व लोकतंत्र बचाने का संकल्प : भगवंत
पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने कहा कि यह कोई राजनीतिक रैली नहीं है। यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेने के लिए आयोजित जनसभा है। उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन ने लोगों के लिए बेहतर काम करने शुरू किए, तो आपने उन्हें जेल भेज दिया। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को तो जेल में डाल दोगे, लेकिन उनकी सोच को कैसे कैद करोगे। अगर मोदी की लहर पर इतना यकीन है, तो अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे लोगों से डरते क्यों हो। इन्हें लोकप्रिय नेताओं से डर है और इसलिए सबको जेल भेज रहे हैं। भगवंत मान ने दावा किया कि कल 102 सीटों पर मतदान हुआ है। उसमें से 80-90 सीटों पर इंडिया गठबंधन जीत रहा है। इससे भाजपा हिल गई है।
हेमंत सोरेन की लिखी चिट्ठी कल्पना सोरेन ने पढ़ीः
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने बिरसा कारा से हेमंत सोरेन की लिखी गई चिट्ठी पढ़ी। चिट्ठी में हेमंत सोरेन ने लिखा था-बिरसा कारा से आप सबका अभिनंदन, जोहार करता हूं। साथियों, आज झारखंड उलगुलान रैली में नहीं हूं। आपको मालूम है कि विगत चार सालों से विपक्ष मेरे खिलाफ षड्यंत्र रच-रचकर आखिरकार एक बेबुनियाद आरोप में करीब ढाई महीने से मुझे बिरसा जेल में बंद कर रखा है। इसी तरह आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी उनके सहयोगियों के साथ दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कर रखा है। आजादी के बाद यह पहली बार है कि विपक्ष के नेताओं को बेबुनियाद आरोपों में जेल में डाला जा रहा है। मुझे आज जेल में रहते हुए भी खुशी हो रही है कि लोकतंत्र की रक्षा और हक-अधिकार की लड़ाई हम लड़ रहे हैं। इसे सभी दलों का समर्थन मिल रहा है। आज उलगुलान महारैली में आए क्रांतिकारी नेताओं की मौजूदगी इसका गवाह है कि इस उलगुलान महारैली के मंच पर आदरणीय मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, फारूक अब्दुल्ला, भगवंत मान, सुनीता केजरीवाल, दीपांकर भट्टाचार्य, संजय सिंह, प्रियंका चतुर्वेदी, तेजस्वी यादव और विवेक गुप्ता का अभिवादन करता हूं। साथियों, उलगुलान का मतलब ही है- अब और नहीं चलेगी ठगों की सरकार।