State Level Powerlifting: राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग में अलकमा ने जीता गोल्ड मेडल, सब-जूनियर संवर्ग में 202.5 किलोग्राम का डेडलिफ्ट उठाया
State Level Powerlifting: सब-जूनियर संवर्ग में 202.5 किलोग्राम का डेडलिफ्ट उठाकर प्रथम स्थान पर जमाया कब्जा, डीएवी प्लस-टू स्कूल कतरास के कक्षा बारहवीं में अध्ययनरत है अलकमा, प्राचार्य ने दी बधाई।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Dhanbad : धनबाद जिला के छाताबाद (कतरास) निवासी अलकमा अंसारी ने झारखंड राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीता है। झारखंड स्टेट पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से धनबाद शहर के नावाडीह स्थित होटल श्यामली में 20 दिसंबर-2025 की रात आयोजित पावर-प्रो क्लासिक प्रतियोगिता के सब-जूनियर संवर्ग में 17 वर्षीय अलकमा ने 202.5 किलोग्राम का डेडलिफ्ट उठाकर प्रथम स्थान पर कब्जा जमा लिया। उसने अपनी इस उपलब्धि प्राप्ति का श्रेय द फिटनेस गैरेज (कतरास) के कोच सुमीत साव के कुशल मार्गदर्शन को दिया। फिलहाल, अलकमा डीएवी प्लस-टू स्कूल कतरास में बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत है।
प्राचार्य एके झा ने उसे बधाई देते हुए बताया कि अलकमा पावरलिफ्टिंग करने के साथ ही ताइक्वांडो का भी खिलाड़ी है। उसने बीते 27 से 29 दिसंबर-2024 तक रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जूनियर 78 किलोग्राम भारवर्ग की प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। अब पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतकर रविवार को अपने घर छाताबाद लौटने पर स्थानीय लोगों ने उसका जोरदार स्वागत किया। अलकमा ने बताया कि उसे पढ़ाई के साथ-साथ पावरलिफ्टिंग करने एवं ताइक्वांडो खेलने के लिए दादी हाजरा खातून, बड़े पापा मो. निजामुद्दीन अंसारी, मंझले पापा मो. परवेज आलम, पिता मो. इकराम अंसारी उर्फ मो. मकसूद, भाई मो. दानिश, फैसल हयात उर्फ तब्बू, मो. तल्हा, मो. हुजैफा व मो. हंजला प्रोत्साहित करते हैं।
