Bokaro : पिता ने लगाया दामाद पर पुत्री की हत्या का आरोप, मृतका के पति व सास को पुलिस ने भेजा जेल
Bokaro के चास भोजपुर कॉलोनी निवासी दामाद अभिषेक व उसकी माता साधना पर चांच कोलियरी चिरकुंडा (धनबाद) के रहनेवाले अरूण कुमार मिश्रा ने पुत्री रूचि मिश्रा की हत्या का आरोप लगाया। दहेज के लिए करता था पुत्री को परिजन बराबर प्रताडित।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro : चांच कोलियरी चिरकुंडा (धनबाद) के रहनेवाले अरूण कुमार मिश्रा ने पुत्री रूचि मिश्रा की हत्या का आरोप दामाद अभिषेक आनंद (भोजपुर कॉलोनी चास) व उसकी माता साधना शारदे पर लगाया है। इस संबंध में चास थाना में एक मामला बुधवार को दर्ज कराया गया। चास पुलिस ने हत्या के आरोपी दामाद अभिषेक आनंद व मृतका की सास साधना शारदे को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही आगे की जांच में जुट गयी है।
फरवरी 2022 को भोजपुर कॉलोनी में किया था विवाह
श्री मिश्रा ने आवेदन में कहा है कि अपनी पुत्री का विवाह पांच फरवरी 2022 को भोजपुर कॉलोनी में किया था. सामर्थ के अनुसार दान-दहेज दिया। गहने में 70 ग्राम सोना व 16 लाख रूपया बैंक खाते में दिया. इसके बाद भी पुत्री के साथ दामाद अभिषेक व सास साधना शारदे द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताडित किया जाता रहा। कई बार बैंक खाता में रूपये डालता रहा। इसके बाद भी ससुरालवालों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। बेटी को दामाद कोलकाता ले गये। वहां भी मारपीट करते रहे।
दहेज के रूप मांगा था दो लाख
बेटी से दो लाख रूपये दहेज के रूप में मांगने को कहा। 31 जुलाई 23 को कोलकाता से लौट कर पुत्री चिरकुंडा आयी। उसने मारपीट की घटना की जानकारी दी। 22 अगस्त 23 को दामाद अभिषेक चास से चिरकुंडा आये। घर में पूजा की बात कह कर पुत्री को जबरदस्ती ले गये। 29 अगस्त की रात पुत्री ने अपने साथ मारपीट की घटना की जानकारी दी। बचाने की बात कही। दामाद ने मोबाइल छीन कर स्वीच ऑफ कर दिया। उसी रात 12 बजे मेरे पुत्र राहुल मिश्रा के मोबाइल पर दामाद ने कॉल कर बताया कि रूचि की मौत हो गयी। केएम मेमोरियल अस्पताल में है. बुधवार को अस्पताल पहुंचे तो पुत्री का शव मिला।