Shrinagar News: पहले से सतर्क भारतीय सेना ने कोई मौका नहीं दिया, पुंछ सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ

Shrinagar News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। 

 

न्यूज इंप्रेशन 

Shrinagar : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। गुरुवार को एक पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और पुंछ के खाड़ी करमाडा इलाके में एक संदिग्ध पैकेट गिराकर वापस चला गया। प्रारंभिक जांच में इस पैकेट के भीतर विस्फोटक (IED), अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ (नारकोटिक्स) होने की पुष्टि हुई है।

ड्रोन भारतीय सीमा के भीतर लगभग 5 मिनट से अधिक रहा

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ड्रोन भारतीय सीमा के भीतर लगभग 5 मिनट से अधिक समय तक रहा। इस घुसपैठ के तुरंत बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है। बरामद की गई सामग्री की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि इसके मूल स्रोत और इसके पीछे के आतंकी नेटवर्क का पता लगाया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि यह खेप सीमा पार बैठे आतंकियों द्वारा घाटी में सक्रिय अपने गुर्गों तक पहुँचाने के लिए भेजी गई थी। 

भारत के लिए एक नई सुरक्षा चुनौती बन गई है

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिए गए हैं। पुंछ के साथ-साथ किश्तवाड़ के केशवान-चतरू घाटी में भी सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला हुआ है, जहाँ जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी समूहों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिली है। सेना की रोमियो फोर्स ने खानतार टॉप और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया है ताकि घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके। सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी भारत के लिए एक नई सुरक्षा चुनौती बन गई है, जिससे निपटने के लिए राडार और ड्रोन-रोधी प्रणालियों को और मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *