Samvidhan Gaurav Abhiyan: अमर बाउरी ने कहा कांग्रेस को बाबा साहब पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं…11 से 25 जनवरी तक भाजपा देश भर में चलाएगा संविधान गौरव अभियान
Samvidhan Gaurav Abhiyan: भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर कुमार बाउरी की अध्यक्षता में अभियान की प्रदेश एवं जिला टोली की बैठक संपन्न हुई।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर कुमार बाउरी की अध्यक्षता में अभियान की प्रदेश एवं जिला टोली की बैठक संपन्न हुई। सभी सांगठनिक जिलों से अभियान से जुड़े जिला संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के सह संयोजक राकेश भास्कर, नंद जी प्रसाद,अमरदीप यादव उपस्थित थे।
झारखंड में अभियान 15 जनवरी से 25 जनवरी तक
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आगामी 11 से 25 जनवरी तक भाजपा द्वारा देश भर में संविधान गौरव अभियान चलाया जाएगा। झारखंड में पार्टी का सदस्यता अभियान कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं की व्यस्तता को देखते हुए राज्य में यह अभियान 15 जनवरी से 25 जनवरी तक होगा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर पर बोलने का नैतिक अधिकार खो दिया है। ये वहीं कांग्रेस पार्टी है जिसने बाबा साहब को चुनाव में हराने का प्रयास किया था। दलितों के प्रति कांग्रेस की सोच कैसी थी यह कांग्रेस पार्टी के इतिहास से पता चलता है।
कांग्रेस ने बाबा साहब को दो गज जमीन भी नहीं कराया उपलब्ध
बाउरी ने कहा कि अपने परिवार के नेताओं के लिए बड़े-बड़े स्मारक बनाने वाली कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के लिए दिल्ली में दो गज जमीन भी उपलब्ध नहीं कराया। कांग्रेस पार्टी को आज अंबेडकर जी की याद आ रही है। ये वही कांग्रेस है जिसने संसद में बाबा साहब के तैल चित्र तक नहीं लगाए। कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जीवित अवस्था में ही पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी को भारत रत्न से सम्मानित किया। राजीव गांधी को भी भारत रत्न दिया गया लेकिन बाबा साहब को भारत रत्न से कांग्रेस पार्टी ने वंचित रखा। बाबा साहब को भाजपा समर्थित वीपी सिंह की सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित किया। अपनी सत्ता के लिए संविधान में 90 बार से अधिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान पर बोल रही। आपातकाल के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात कर रही। इससे बड़ा झूठ मजाक कुछ नहीं हो सकता।
मोदी सरकार ने बाबा साहब से जुड़े पांच स्थल को पंच तीर्थ के रूप में है किया विकसित बाउरी ने कहा कि धारा 370 के कारण 70 वर्षों तक जम्मू कश्मीर के दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज आरक्षण के लाभ से वंचित रहा। आदिवासी दलित पिछड़ा विरोधी कांग्रेस आज इनके भलाई की बात करती है जो पूरी तरह हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान गौरव अभियान के तहत हर जिलों, मंडलों में जनता को कांग्रेस पार्टी द्वारा बाबा साहब भीम राव अंबेडकर को किए गए अपमान को बताएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार ने कैसे बाबा साहब के नीतियों विचारों को सीचने का प्रयास किया है उसे बताएगी। कहा कि मोदी सरकार ने बाबा साहब से जुड़े पांच स्थल जन्मस्थली, निर्वाण स्थली, शिक्षा,दीक्षा भूमि को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया है।