Road Accident: स्कूल बस ने मारी टक्कर, एक की मौत, रोड जाम, दो लाख रूपये मुआवजा पर सहमति

Road Accident: बोकारो के सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के सेक्टर 4F मोड के समीप मंगलवार की सुबह एक स्कूली बस के टक्कर से एक व्यक्ति की मौत. मृतक की पत्नी व बडे पुत्र को स्कूल में नियोजन व दो लाख रूपये मुआवजा पर सहमति

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: बोकारो के सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के सेक्टर 4F मोड के समीप मंगलवार की सुबह एक स्कूली बस के टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्ट्रीट रोड को जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर चार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. लोगों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन स्थानीय लोग शव के समीप सडक पर बैठ कर जाम लगा दिया. मृतक की पहचान धानेश्वर यादव (54 वर्ष) के रूप में हुई. स्थानीय लोगों की मांग थी कि टक्कर मारनेवाली बस की पहचान की जाये. चालक को हिरासत में लिया जाये. प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा मिले. आक्रोशित लोग स्ट्रीट सडक पर दिन भर बैठे रहे.

चालक को भी हिरासत में लिया

इंस्पेक्टर श्री कुमार ने लोगों को समझाने का प्रयास किया. स्थिति को देखते हुए स्थल पर बीएस सिटी थाना इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास व सेक्टर 6 थाना इंस्पेक्टर संगीता कुमारी पहुंची. इसी बीच आक्रोशित लोगों का एक दल सेक्टर 4 डीपीएस स्कूल के बस पडाव में प्रवेश किया. पडाव में खडे एक स्कूली बस के शीशा को क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने भीड का समझा कर शांत किया. जांच के क्रम में पता चला कि धानेश्वर को टक्कर मारनेवाली बस (जेएच09एआर-0025) डीपीएस सेक्टर पांच में आउटसोर्सिंग के तहत चलती है. इसके बाद सेक्टर चार थाना ने सेक्टर छह थाना के सहयोग से बस को सेक्टर पांच डीपीएस से जब्त कर सेक्टर चार थाना में लाकर रखा. साथ ही चालक को भी हिरासत में लिया. 

मामले को लेकर थाने में वार्ता हुई

मामले को लेकर सेक्टर 4 थाना में एक वार्ता हुई. वार्ता में सीओ सीओ सेवाराम साहू, सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष रतन मांझी, महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, राजद जिलाध्यक्ष बुद्ध नारायण यादव, राजद के प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम चौधरी, स्कूल प्रबंधन प्रतिनिधि, बस मालिक व प्रभावित परिवार के सदस्य शामिल हुए. वार्ता कई दौर चल चली. वार्ता में मृतक की पत्नी रूकमणी देवी, बडे पुत्र सूरज कुमार यादव को डीपीएस में नियोजन देने, छोटे पुत्र अमर कुमार का 11 वीं कक्षा में नामांकन के साथ इंटर की पढाई नि:शुल्क कराने व बस मालिक की तरफ से दो लाख रूपया मुआवजा देने पर सहमति बनी. परिजनों को 50 हजार नकद व डेढ लाख का चेक दिया गया. मौके पर फिरदौस, फैयाज आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *