Rashtriy School Khelo 2025 : 68वां राष्ट्रीय स्कूल खेलो की मेजबानी व तैयारियों को लेकर सचिव ने की बैठक, जनवरी में शुरू होगा पांच राष्ट्रीय स्तर के खेलो के आयोजन

Rashtriy School Khelo 2025 : 68वां राष्ट्रीय स्कूल खेलो की मेजबानी व तैयारियों को लेकर शुक्रवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Ranchi: 68वां राष्ट्रीय स्कूल खेलो की मेजबानी और उसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में विभागीय सचिव के अलावा राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग (झारखंड सरकार) के निदेशक संदीप सिंह, रांची के ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।

आवासन के लिए होटलों के चयन में बरते सावधानी
बैठक में खेलो के आयोजन के दौरान विधि व्यवस्था, स्वच्छता, आवासन, चिकित्सकीय सुविधाओं समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में सचिव उमाशंकर सिंह ने पदाधिकारियों को जल्द से जल्द सभी तैयारी पूरा कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन में आ रही बालक-बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवासन एवं परिवहन के लिए किये गए प्रबंधों की लगातार निगरानी और आदर्श मानक संचालन प्रक्रिया बनाने का निर्देश दिया। आवासन के लिए होटलों के चयन में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी तरह से सुरक्षा में कोई कोताही नहीं होना चाहिए, इसके लिए रांची जिला प्रशासन आयोजन समिति के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस बलो की तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम के पदाधिकारियों को आयोजन स्थल की लगातार साफ-सफाई करवाने और स्वछता कार्यो के लिए मानव बल को तैयार रखने का निर्देश दिया।

रांची में होगा पांच राष्ट्रीय स्तर के खेलो का आयोजन
68वां राष्ट्रीय स्कूल खेलो के अंतर्गत झारखंड को वर्ष 2025 के जनवरी माह में पांच राष्ट्रीय स्तर के खेलो के आयोजन की मेजबानी मिली है। इनमे अंडर 19 बालक/बालिका वर्ग एथलेटिक्स, अंडर 14 बालक/बालिका वर्ग एथलेटिक्स, अंडर 14/17/19 बालक/बालिका वर्ग ट्रैक साइकिलिंग, अंडर 19 बालक/बालिका वर्ग टेनिस, अंडर 19 बालक/बालिका वर्ग हॉकी प्रतियोगिता शामिल है। अंडर 19 बालक/बालिका वर्ग एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 5 जनवरी, 2025 से 8 जनवरी तक होगा। इसमें बालक/बालिकाओ और अधिकारियो को मिलाकर कुल 4000 प्रतिभागी शामिल होंगे। अंडर 14 एथलेटिक्स में बालक/बालिकाओ और अधिकारियो को मिलाकर कुल 2044 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसका आयोजन दिनांक 11 जनवरी से 14 जनवरी तक होगा। अंडर 19 टेनिस का आयोजन 17 जनवरी से 19 जनवरी तक होगा। इसमें देशभर से 616 प्रतिभागी शामिल होंगे। अंडर 14 ट्रैक साइकिलिंग का आयोजन 17 जनवरी से 20 जनवरी तक होगा। इसमें 1540 प्रतिभागी शामिल होंगे। अंडर 19 हॉकी का आयोजन 29 जनवरी से 2 फरवरी तक होगा। इसमें कुल 1760 प्रतिभागी शामिल होंगे।

अबतक झारखंड की झोली में आये है 46 पदक
68वां राष्ट्रीय स्कूल खेल 2024-25 में अबतक झारखंड को कुल 46 पदक प्राप्त हुए है। इनमे 16 स्वर्ण पदक, 20 रजत पदक और 10 कांस्य पदक शामिल है। झारखंड को अबतक सर्वाधिक पदक आर्चरी में मिला है। आर्चरी में राज्य को 10 स्वर्ण, 13 रजत और 4 कांस्य पदक मिले हैं।

बैठक में ये थे मौजूद
खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग (झारखंड सरकार) के उपनिदेशक राजकिशोर खाखा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, झारखंड ओलिंपिक संघ के महासचिव मधुकांत पाठक, झारखंड ओलिंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवंदु दुबे समेत स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के पदाधिकारीगण, रांची नगर निगम के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघो, एनसीसी के पदाधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *