Ramnavmi: बोकारो जिले में रामनवमी पर्व में जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर 226 दंडाधिकारी व 375 पुलिस पदाधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
सारांश
Ramnavami festival: रामनवमी व रमजान का त्योहार संपन्न कराने के लिए, जिला प्रशासन ने जिले के 350 से अधिक स्थानों पर 226 दंडाधिकारियों व 375 पुलिस पदाधिकारियों सहित पुलिस बल की तैनाती की गयी है। बोकारो डीसी और एसपी ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
न्यूज़ इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: शांतिपूर्ण माहौल में रामनवमी व रमजान का त्योहार संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। पर्व के दौरान किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हो, इसके लिए बोकारो जिले के 350 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों सहित पुलिस बल की तैनाती की गयी है। इनमें 226 दंडाधिकारी व 375 से पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। त्योहार के दिन पदाधिकारियों की ड्यूटी सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगी।
डीसी एसपी ने ली विधि व्यवस्था की जानकारी
बोकारो उपायुक्त कुलदीप चौधरी और एसपी चंदन कुमार झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विधि व्यवस्था की जानकारी ली। 30 मार्च यानी गुरूवार को पूरे जिले में रामनवमी का त्योहार मनाया जाएगा। वहीं हर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। विधि व्यवस्था को लेकर पूरी ऐतिहात बरती जा रही है।
जुलूस की कराई जाएगी वीडियोग्राफी
संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। हर गतिविधि पर ध्यान रखने के लिए जुलूस का वीडियोग्राफी कराई जाएगी। ड्रोन से मॉनिटरिंग की जाएगी। रामनवमी के दिन सभी शराब दुकानें बंद रहेगी। उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि पूरे जिले में चिन्हित सभी स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल को प्रतिनियुक्त की गयी है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तीन पालियों में कंट्रोल रूम संचालित
कंट्रोल रूम जिला नियंत्रण कक्ष व बेरमो अनुमंडल में बनाया गया है। इसके अलावा मिनी कंट्रोल रूम रितूडीह, सिवनडीह व बेरमो थाना में बनाया गया है। सभी कंट्रोल रूम तीन पालियों में संचालित किया जाएगा। पहली पाली सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से रात्री 10 बजे तक और तीसरी पाली रात्री 10 बजे से सुबह छह बजे तक संचालित रहेगा। जहां दंडाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गयी है। इसके माध्यम से पल-पल की जानकारी वरीय पदाधिकारी को देंगे।
पदाधिकारियों को वरीय प्रभार का जिम्मा
जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार की जिम्मेवारी अपर समाहर्ता सादात अनवर को सौंपी गयी है। मिनी नियंत्रण कक्ष सिवनडीह का वरीय प्रभार चास नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, रितूडीह नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभार भूमि सुधार अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, मिनी नियंत्रण कक्ष बेरमो थाना के वरीय प्रभार बेरमो सीओ मनोज कुमार और बेरमो नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभार बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार को सौंपा गया है।
कॉल कर दें पदाधिकारियों को सूचना
अपर समाहर्ता सादात अनवर का मोबाइल नंबर-7808228228 व 9431130478, चास अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह का मोबाइल नंबर-8210203023 व 9006083173, भूमि सुधार अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन का मोबाइल नंबर-7006874056, बेरमो सीओ मनोज कुमार का मोबाइल नंबर 9939969111, बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार का मोबाइल नंबर-9631101825 है।