Giridih : झारखंड-बिहार बोर्डर से पुलिस ने क्रेटा कार से लगभग 30 लाख रुपए से भरा एक बैग बरामद किया, कार धनबाद नंबर की है
Giridih जिले के देवरी थाना क्षेत्र के सरौन मोड़ के समीप स्थित झारखंड बिहार बोर्डर पर लगाए गये अस्थाई चेकनाका से मंगलवार शाम 6:00 बजे क्रेटा कार से पुलिस ने 500 रूपए के नोटों से भरा एक बैग बरामद किया। बैग में थे करीब 30 लाख।
न्यूज़ इंप्रेशन संवाददाता
Giridih: गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के सरौन मोड़ के समीप स्थित झारखंड बिहार बोर्डर पर लगाए गये अस्थाई चेकनाका से मंगलवार शाम करीब छह के आसपास पुलिस ने 500 रूपए के नोटों से भरा एक बैग जब्त किया है। बताया जाता है कि बैग में लगभग 30 लाख रुपए थे। रुपए की साक्ष्य की जांच कराई जा रही है।जानकारी के अनुसार क्रेटा कार बिहार से झारखंड की ओर आ रही थी। शाम छः बजे पुलिस को वाहन जांच के क्रम में यह सफलता मिली है।
चिलखरियोडीह के पास बनाया गया था चेकनाका
डुमरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर झारखंड बिहार बॉर्डर से देवरी अंचल के चिलखरियोडीह के पास चेकनाका बनाया गया है। यहां से गुजरनेवाले सभी वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में बिहार के चकाई की ओर से आ रहे क्रेटा कार संख्या जेएच 10 सीआर 6424 को रोककर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के क्रम में नोट से भरा बैग मिला। मामले की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, ट्रेज़री अफसर आनंद मिश्रा, देवरी सीओ राजमोहन तुरी समेत अन्य पदाधिकारी पहुंच गए। मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि सरौन मोड़ के पास स्थित चेकनाका के पास बिहार से आ रही कार में नोटों से भरा बैग मिला है। जब्त राशि की जांच की जा रही है। रशि का साक्ष्य व दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।